रुद्रपुर: पत्नी ने लगाया पति पर दुबई ले जाकर मारपीट कर प्रताड़ित करने का आरोप
रुद्रपुर, अमृत विचार। कोतवाली इलाके की रहने वाली विवाहिता ने पति पर दुबई ले जाकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। विवाहिता का आरोप था कि ससुराली शादी के बाद ही कार लाने का दबाव बना रहे थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एलायंस सिटी वन कॉलोनी की रहने वाली शशि घई ने बताया कि उसकी शादी 11 दिसंबर 2021 को उसकी शादी सागर घई निवासी सिविल लाईन रामपुर यूपी के साथ हुई थी। मायके वालों ने हैसियत के हिसाब से लाखों रूपया खर्च भी किया। आरोप था कि शादी के कुछ माह बाद ही पति सागर,सास वंदना, ससुर संजय घई, देवर क्षितिज घई तथा पति की बुआ संगीता घई कम दहेज लाने का ताना मारने लगे। पति के विदेश में रहने को लेकर आए दिए कार लाने का दबाव बनाने लगे।
आरोप था कि तीन जनवरी 2022 को पति उसे अपने साथ दुबई के मिरफा शहर ले गया और उसके सारे जेवरात व पकड़े अपने पास रखने के बाद मारपीट करने लगा। पांच जुलाई 2022 को पति ने उसे मारपीट कर भारत वापस भेज दिया और जब वह अपने ससुराल गई। तो ससुराली भी कार नहीं देने पर बेटे की दूसरी शादी करने की धमकी देने लगे और शारीरिक व मानसिक यातनाएं देनी शुरू कर दी।
आठ जुलाई को ससुरालियों ने धक्का देकर घर से बाहर निकाल और वह मायके आकर रहने लगी। कई बार घर बसाने का प्रयास किया। मगर ससुरालियों का दहेज मोह कम नहीं हुआ। मजबूर होकर विवाहिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
