Special Story : कौन हैं शबनम खान? जिन्होंने कहा- श्री राम मंदिर के उद्घाटन पर मुसलमान भी जलाएं घरों में दीपक

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

शबनम खान बोलीं- हनुमान बनकर देखिये प्रधानमंत्री मोदी में नजर आयेंगे श्री राम, देश को 1947 में ही आजाद हुआ लेकिन 2014 के बाद आया बदलाव

भीष्म सिंह देवल,संभल, अमृत विचार।  कंधे पर केसरिया ध्वज, पीठ पर राम मंदिर की तस्वीर और जय श्री राम का नारा लिखे बैनर के साथ मुख से राम नाम उच्चारण करते हुए श्रीराम की भक्ति में लीन शबनम खान अयोध्या यात्रा पर तेजी से बढ़ रही हैं। तीन जनवरी को दिल्ली से चलीं शबनम खान शुक्रवार को 160 किलोमीटर का सफर तय कर संभल जनपद तक आ पहुंचीं। सोशल एक्टिविस्ट शबनम खान ने तीन जनवरी को दिल्ली के मयूर विहार से अयोध्या के लिए पैदल यात्रा शुरू की थी। कड़ाके की सर्दी के बीच अपना सफर तय करते हुए शबनम खान शुक्रवार दोपहर को संभल जनपद के बबराला कस्बे में पहुंचीं। 

शबनम खान ने कहा कि श्री राम में उनकी आस्था और अयोध्या यात्रा पर किसी तरह का सवाल खड़ा करना गलत है। श्री राम में आस्था के लिए हिंदू होना जरूरी नहीं है। श्री राम सबके हैं, यह बात समझ लेनी चाहिए। शबनम ने कहा कि वह भी मुस्लिम हैं। लेकिन ,अल्लाह के इस्लाम को मानती हैं। मुल्ला के इस्लाम को नहीं। वह सनातनी मुस्लिम हैं और अयोध्या में रामलला का दर्शन करना उनकी यात्रा का मकसद है।

1

बबराला कस्बे में शबनम खान कुछ देर के लिए रुकीं। बबराला नगर पंचायत चेयरमैन हर्ष वर्धन वार्ष्णेय के आवास पर पहुंचीं । शबनम खान ने कहा कि अपनी यात्रा को लेकर वह उत्साहित हैं। अभी तक का सफर शानदार रहा है। उन्हें पूरा विश्वास है कि श्री राम का आर्शीवाद इसी तरह उनके साथ रहेगा और वह पैदल यात्रा करते हुए समय से अयोध्या पहुंच जायेंगी। शबनम ने कहा कि वह श्री राम मंदिर में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के दिन 22 जनवरी को दीपक जलाकर दीपावली जैसा उत्सव मनाएंगी।

अल्लाह का इस्लाम पढ़ें मुल्ला का नहीं
शबनम खान ने कहा कि बदलते वक्त के साथ मुसलमानों को भी अपनी सोच में बदलाव लाना चाहिए। मुसलमान दिखायें कि वह भी सेक्युलर हैं। इसके लिए 22 जनवरी को जब श्री राम मंदिर का उद्घाटन होगा तब मुसलमान भी अपने घरों पर दीपक जलायें। मुसलमान इस बात को समझें कि हिंदू बिना भेदभाव उनकी इबादगाहों पर सर झुकाने से परहेज नहीं करते। मुसलमानों से कहा कि वह अल्लाह का इस्लाम पढ़ें। जो मुल्ला का इस्लाम पढ़ेगा वह गर्त में जायेगा। 

2

2014 के बाद आया बदलाव,मोदी ने बदला देश
शबनम खान अपनी अयोध्या यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ कर रही हैं। शबनम खान ने कहा कि यह बात सही है कि देश 1947 में आजाद हुआ लेकिन देश में बदलाव 2014 के बाद आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को सम्मान दिलाया। खासतौर से मुस्लिम महिलाओं को जुल्म से निजात मिली।

ये भी पढ़ें : Special Story: अयोध्या में श्रीराम मंदिर के बाद अब बनेगा संभल में श्री कल्कि धाम

संबंधित समाचार