गोंडा : ग्राम प्रधान पर मवेशियों के चारे का पैसा हड़पने का आरोप, महिलाओं ने की शिकायत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। झंझरी ब्लॉक के ग्राम पंचायत बिरवा बभनी के ग्राम प्रधान ने गौ आश्रय केंद्र के खाते से धोखाधड़ी करते हुए ₹80 हजार निकाल कर गबन कर लिया। यह पैसा गौ आश्रय केंद्र में संरक्षित किए गए मवेशियों के चारे और भूसे के लिए भेजा गया था। शिकायत मिलने पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने पूरे मामले के जांच के आदेश दिए हैं। 

झंझरी ब्लाक के बिरवा बभनी गांव में बने गौ आश्रय केंद्र का संचालन स्वंय सहायता समूह को सौंपा गया है‌। समूह की महिलाएं इस आश्रय केंद्र का संचालन कर रही हैं और निराश्रित मवेशियों की देखभाल कर रही है‌ं। समूह की अध्यक्ष मंजू श्रीवास्तव के मुताबिक पिछले तीन साल से गौ आश्रय केंद्र बिरवा बभनी का संचालन गौ रक्षिका महिला स्वयं सहायता समूह में शामिल महिलाएं कर रही हैं। इसके पहले ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव इसका संचालन कर रहे थे। मंजू का कहना है कि समूह को संचालन का दायित्व मिलने के बाद ग्राम पंचायत से इसका कोई सरोकार नहीं रह गया है। जिसके बावजूद जून 2023 में ग्राम प्रधान व सचिव ने धोखाधड़ी करते हुए आश्रय केंद्र के खाते से 80 हजार रुपया निकाल लिया और उसका गबन कर लिया। 

यह पैसा पशुओं के भूसे और दाने के लिए सरकार की तरफ से भेजा गया था। समूह की अध्यक्ष का कहना है कि बिरवा बभनी में संचालित किए जा रहे गौ आश्रय केंद्र में भूसा और दाने के नाम पर ग्राम प्रधान द्वारा 80 हजार रुपया बीते एक जून को चेक के माध्यम से प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक कुंदुरखी से निकाला गया है। समूह अध्यक्ष मंजू श्रीवास्तव ने इस धोखाधड़ी की शिकायत मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से की है। सीवीओ ने मामले की जांच का आदेश दिया है‌। सीवीओ का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें -विश्व में भारतीय संस्कृति की सुगंध बिखेर रही है हिन्दी : प्रो. शैलेन्द्र मिश्र

संबंधित समाचार