बदायूं: इस्लामनगर में बढ़ी सतर्कता, गन्ना माफियाओं पर चार कर्मचारियों की नजर
गन्ना विभाग ने बढ़ाई चौकसी, किसानों को भी किया सतर्क
बदायूं, अमृत विचार। गन्ना माफियाओं पर नकेल कसने के लिए इस्लामनगर क्षेत्र में जिले की सीमा पर विभाग ने चार कर्मचारियों की तैनाती की है। साथ ही गन्ना किसानों को भी हिदायत दी गयी है कि कहीं भी माफिया दिखें तो विभाग को सूचना दें। जिले का गन्ना किसी भी कीमत पर जिले से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।
इस्लामनगर क्षेत्र में पिछले सप्ताह गन्ना किसानों की शिकायत पर एक माफिया को नामजद करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। किसानों का कहना था कि यह लोग क्षेत्र के किसानों से सस्ते में गन्ना खरीद कर दूसरे जिलों की चीनी मिलों को महंगे दामों पर बेचते हैं।
इस सूचना पर गन्ना समिति सचिव राजीव ने मौके पर पहुंच कर गन्ना से भरी ट्रैक्टर ट्राली पुलिस की मदद से पकड़ ली। यह गन्ना दूसरे जिले की चीनी मिल को ले जाया जा रहा था। राजीव कुमार ने एक माफिया को नामजद करते हुए दो अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस अभी तक दो अज्ञात आरोपियों का पता नहीं लगा सकी है। गन्ना विकास समिति सचिव राजीव कुमार ने बताया कि इस्लामनगर क्षेत्र में जिले की सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गयी है। जिस जगह से गन्ना माफिया गन्ना बाहर ले जाते हैं उन रोडों पर चार कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
यह कर्मचारी रात को निगरानी करेंगे जबकि दिन में दूसरे कर्मचारी निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही क्षेत्र के किसानों को हिदायत दी गयी है कि वह लोग अपना गन्ना किसी को न बेचे और न ही किसी से इस बाबत सौदा करें। किसान खुद ऐसे लोगों पर नजर बनाए रखें जो गन्ने की खरीद फरोख्त करते हैं।
दिसम्बर के महीने में एक कंपनी के तीन लोगों ने पुलिस को पकड़ा था। यह तीनों ने जिले के किसानों से सस्ते में गन्ना खरीद कर एक चीनी मिल पर बेचते थे। इन लोगों के पास से कई लाख रूपया भी बरामद हुआ था। इस मामले के उजागर होने के बाद गन्ना विभाग ने यदु शुगर मिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गन्ना विभाग इस घटना के बाद से सक्रिय हो गया। उसके बाद दूसरा प्रकरण भी इसी क्षेत्र में सामने आया है। इसलिए गन्ना विभाग अब इस क्षेत्र में चौकसी बढ़ा रहा है।
जिले का गन्ना बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है। क्रय केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया है। क्रय केन्द्रो पर ही किसानों की समस्याएं सुनी जा रही हैं। किसानों को इस बात के लिए सचेत कर दिया गया है कि अपना गन्ना किसी प्राइवेट व्यक्ति के हाथ न बेचें। और उनसे गन्ना खरीदने वालों की सूचना विभाग को दें।-हेमराज सिंह , जिला गन्ना अधिकारी
