आगरा: पिता और फूफा ने मफलर से किशोरी का गला दबाया, यमुना में फेंका, हड़कंप, केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ग्रामीणों ने नदी में कूदकर बचाई किशोरी की जान, पुलिस को दी सूचना

आगरा। बमरौली कटरा क्षेत्र में सनसनीखेज मामला सामने आया है। 16 साल की किशोरी को रात में उसके पिता और फूफा ने यमुना नदी की फेंक दिया। किशोरी को मरा हुआ समझकर वो भाग गए। उसके शोर मचाने की आवाज सुनकर ग्रामीण नदी में कूदे और उसे बचा लिया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने किशोरी के तहरीर पर पिता और फूफा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार, बमरौली कटारा क्षेत्र के समोगर घाट पर पीपों का पुल पर बुधवार रात करीब दो बजे बाइक पर दो व्यक्ति और एक लड़की रुके। कुछ देर बाद बाइक लेकर वहां से चले गए। पुल की रखवाली करने वाले ग्रामीणों ने अचानक बचाओ-बचाओ की आवाज सुनी। उन्होंने देखा कि यमुना नदी में एक किशोरी बचने के लिए हाथ-पैर मार रही है। तभी चार लोग बचाने के लिए यमुना में कूद गए। उन्होंने किशोरी को सकुशल बचा लिया। 

किशोरी ने बताया कि वो अलीगढ़ के अकबराबाद की रहने वाली है। उसकी ननिहाल एटा में है। वह कक्षा नौ में पढ़ती है। उसके पिता गुरुग्राम में काम करते हैं। वो और उसके फूफा उसे गुरुग्राम ले जाने के बहाने अपने साथ लेकर आए थे। पुल पर आकर उन्होंने बाइक रोक ली। इसके बाद पीछे से उसके गले में मफलर डालकर दबा दिया। उन्हें लगा कि वो मर गई तो उसे नदी में फेंक कर भाग गए।

थाना प्रभारी बमरौली कटरा रोहित कुमार ने बताया कि छात्रा की तहरीर पर बमरौली कटारा थाने में पिता और फूफा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पिता और फूफा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम अलीगढ़ भेजी गई है। किशोरी ने ये नहीं बताया कि उसके पिता और फूफा ने उसे मारने का प्रयास क्यों किया।

यह भी पढ़ें: औरैया: आग ताप रहे अधेड़ की युवक ने की धारदार हथियार से हत्या, परिवार में कोहराम, आरोपी गिरफ्तार

संबंधित समाचार