Kanpur: सराहनीय: आरपीएफ ने हीरे की अंगूठी खोजकर NRI को सौंपी; तेजस राजधानी एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान बाथरूम में गिर गई थी...

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। भुवनेश्वर से चलकर दिल्ली जाने वाली तेजस राजधानी एक्सप्रेस में एनआरआई की हीरे की अंगूठी गिर गई। इसकी जानकारी होने पर आरपीएफ जवानों ने अंगूठी की तलाश कराई और एनआरआई के सुपुर्द की। 

पुणे की एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत चंदन घोष परिवार के साथ दिल्ली जा रहे थे। उन्होंने बताया हिजली स्टेशन से वह तेजस में सवार हुए थे। ए-टू कोच में बर्थ 30 पर वह बैठे थे। परिवार के लोग भी उसी कोच में थे। चंदन ने बताया कि शनिवार सुबह जब उन्होंने अंगूठी गायब देखी तो परेशान हो गए। 

अंगूठी की खोजबीन की, मगर कुछ पता नहीं चला। कुछ देर बाद उन्होंने इसकी जानकारी आरपीएफ के हेड कांस्टेबल मनोज कुमार त्रिपाठी को दी। उन्होंने कोच के कर्मचारियों को जानकारी देकर अंगूठी तलाश करने को कहा। कुछ देर बाद एक सफाईकर्मी सुभाष ने बाथरूम में अंगूठी मिलने की जानकारी दी। 

इसके बाद आरपीएफ जवान ने उन्हें अंगूठी लाकर दी। जवान कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली तक अनुरक्षण ड्यूटी पर तैनात थे। चंदन घोष ने बताया कि वह परिवार सहित थाइलैंड में रहते हैं। उनके साथ पत्नी, बच्चे व भाई भी थे। दिल्ली पहुंचने के बाद वह थाइलैंड के लिए रवाना हो चुके हैं। चंदन ने ट्रेन में कार्यरत स्टाफ व आरपीएफ की सराहना की है।

यह भी पढ़ें- Banda News: भांजी को पीटने के बाद युवक ने लगाई खुद को आग; मौत...शराब के नशे में की थी मारपीट...

 

संबंधित समाचार