Kanpur: श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, राइस मिल मालिक से हुआ था विवाद...
कानपुर, अमृत विचार। शिवराजपुर थाना क्षेत्र के दासा निवादा गांव स्थित दुर्गा राइस मिल में संदिग्ध परिस्थितियों में लहूलुहान हालत में एक श्रमिक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। राइस मील पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर जमकर हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राधन रोड दासा निवादा गांव के पास बने दुर्गा राइस मिल में कन्नौज थाना क्षेत्र के चांदापुर गांव निवासी कृपा शंकर अग्निहोत्री उम्र 45 वर्ष पुत्र रामशरण अग्निहोत्री काम करता था। वह उत्तरीपुरा में ही रहकर राइस मिल में कार्यरत था। शनिवार सुबह लहूलुहान हालत में उसका शव राइस मिल के अंदर पड़ा मिला।
शव मिलने की सूचना क्षेत्र में आग की तरीके से फैल गई। सूचना पर पहुंचे मृतक के बेटे वशिष्ठ अग्निहोत्री ने बताया कि उनके पिता और राइस मिल मालिक के बीच एक महीने पूर्व विवाद हुआ था। उनके पिता फिर भी राइस मिल में काम करने आते थे। उसी का बदला लेने के लिए राइस मिल मालिक ने यह कदम उठाया है।
बेटे ने राइस मिलर पर आरोप लगाया कि उनके पिता की हत्या की गई है। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसीपी अजय त्रिवेदी ने बताया मौके पर जांच पड़ताल की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टिया मामला राइस मिल में मशीन से कार्य करते समय गर्दन अंगोछा में फंसने से गिरकर मौत प्रतीत होती है। बाकी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद और स्पष्ट हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- Kanpur Dehat News: राजमिस्त्री ने फांसी लगाकर की आत्महत्या; परिजनों में मचा कोहराम...
