UP Police Recruitment Exam: गणित, विज्ञान और रिजनिंग के प्रश्नों ने उलझाया, अभ्यर्थियों ने साझा किया अनुभव
करनैलगंज/गोंडा, अमृत विचार। यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के पहले दिन का पेपर अभ्यर्थियों की आशा के अनुरूप ही रहा। अधिकतर प्रश्न किताबों से लिए गए। जिन अभ्यर्थियों ने किताबों का रिवीजन अच्छे से किया था वह इस परीक्षा में काफी काम आया। हालांकि गणित, विज्ञान व रिजनिंग के प्रश्न थोड़े घुमावदार रहे जिससे अभ्यर्थियों को इन्हे हल करने में मशक्कत करनी पड़ी। भर्ती परीक्षा देकर निकले परीक्षर्थियों ने परीक्षा को लेकर अमृत विचार से अपने अनुभव साझा किए।
अभ्यर्थी शिवम तिवारी ने बताया कि जीएस के पेपर में प्रश्न काफी उलझे हुए थे। गणित, विज्ञान के साथ ही रिजनिंग के प्रश्न काफी कठिन लगे। किताबों की भूमिका काफी अधिक रही। कुल मिलाकर इस बार यूपी पुलिस भर्ती का प्रश्नपत्र लेखपाल भर्ती से कठिन लगा।
पंकज वर्मा ने कहा कि इस बार सामान्य अध्ययन का पेपर काफी कठिन रहा। हिंदी के प्रश्नों को आसानी से हल किया गया। रीजनिंग के प्रश्न आसान लगे। गणित के प्रश्न मानक स्तर से कठिन पूछे गए थे। इन्हें समझने में वक्त लगा। कुल मिलाकर पेपर अच्छा रहा।
नजरीन ने बताया कि इस बार पेपर थोड़ा कठिन था। पर निरंतर पढ़ाई के साथ ही अभ्यास करने के चलते पेपर अच्छा हुआ। कथन आधारित पूछे गए प्रश्नों में संशय की स्थिति रही। हिंदी का पेपर काफी अच्छा रहा। अमित शुक्ला ने कहा हिंदी में व्याकरण अहम रहा। हिंदी का पेपर कठिन रहा।
विलोम, पर्यायवाची, तत्सम व तद्भव समेत अन्य सवाल पूछे गए थे। सामान्य अध्ययन का पेपर सामान्य स्तर से अच्छा था। इतिहास, भूगोल और विज्ञान से प्रश्न पूछे गए थे। अनामिका यादव व शबनम ने कहा कि यूपी पुलिस का पेपर इस बार काफी कठिन था। फिर भी लगभग सभी प्रश्न हल करने का प्रयास किया गया। हम लोगों ने सेल्फ स्टडी किया था। पुराना अध्ययन काफी काम आया।
यह भी पढ़ें:-UP Police Exam: रीजनिंग ने घुमाया माथा, पुलिस से जुड़े सवालों ने भी छकाया, पढ़िए अभ्यर्थियों की जुबानी...
