अंबेडकरनगर: शारदा नहर से छोड़ा गया पानी, करीब 55 हजार किसान होंगे लाभांवित

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

अंबेडकरनगर, अमृत विचार। गेहूं की सिंचाई और नई फसलों के बुवाई को लेकर नहर में पानी बहाल किए जाने की मांग को लेकर किसान लंबे समय से मांग कर रहे थे। लगभग एक महीने बाद शारदा सहायक नहर में पानी आपूर्ति बहाल होने से किसानों में खुशी का माहौल है। मुख्य नहर के साथ ही 325 से अधिक माइनरों से जुड़े हजारों किसान भी सिंचाई का लाभ उठा सकेंगे। 

नहर और माइनर से जिले में 55 हजार से अधिक किसान जुड़े हैं। समय से पानी उपलब्ध हो जाने पर किसानों को सिंचाई का बेहतर लाभ मिल जाता है। इस बार माइनरों की साफ-सफाई में देरी होने के कारण समय से पानी नहीं बहाल हो पाया। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कुछ दिन तक पानी आपूर्ति हुई लेकिन फिर बंद हो गई। करीब एक माह से नहर सूखी पड़ी थी। किसानों की फसल दोबारा सिंचाई करने के लायक हो गई है। नहर और माइनर में किसान पानी आने का इंतजार कर रहे थे। अब पानी आने पर किसानों में खुशी का माहौल है। नहर में पानी आने से अकबरपुर, टांडा, जलालपुर व आलापुर आदि तहसीलों के किसान सिंचाई का लाभ उठा सकेंगे। जनपद में नहरों द्वारा सिंचाई का लक्ष्य 38 हजार हेक्टेयर है। जिससे जनपद के लगभग 55 हजार किसान लाभान्वित होंगे और टांडा मुख्य नहर, टांडा समांतर नहर, जहांगीरगंज राजवाहा, पौसारा राजवाहा, पिडोरिया राजवाहा, बांदीपुर राजवाहा आदि नहरों में पानी उपलबध रहेगा।
पानी आने से मिली राहत : शारदा सहायक नहर में पानी आने से किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा। 

टांडा ब्लॉक के गौरा गूजर किसान मोहम्मद अनवर व रविन्द्र वर्मा सहित अन्य ने बताया कि किसान लंबे समय से पानी बहाल होने का इंतजार कर रहे थे। पानी आ जाने से जहां गेहूं की फसल की सिंचाई हो सकेगी। वहीं खाली हुए खेतों में नमीं करने के लिए भी पानी की जरूरत थी। अब खेतों की सिंचाई के बाद उड़द, मूंग और चरी के अलावा सब्जी सहित अन्य फसलों को लगाने में तेजी आएगी।

अधिकारी बोले 
अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड एसपी सिंह ने बताया कि नहर में पानी आपूर्ति शुरू हो गई है। माइनरों के टेल तक पानी पहुंचाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। 

ये भी पढ़ें -अयोध्या: घटिया निर्माण की भेंट चढ़े दो स्कूल, मैदान में पढ़ने को बच्चे मजबूर

संबंधित समाचार