श्रावस्ती: महानिरीक्षक ने भारत-नेपाल सीमा का दौरा कर लिया सुरक्षा का जायजा
श्रावस्ती, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर एसएसबी के महानिरीक्षक (भा.पु.से.) रत्न संजय ने शनिवार को भारत-नेपाल सीमा का दौरा किया। सीमा स्तंभों के का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सीमान्त मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल लखनऊ के महानिरीक्षक ने 62वीं वाहिनी के कमाण्डेन्ट रबीन्द्र कुमार राजेश्वरी के साथ सीमा चौकी हाकिमपुरवा और सुईया का दौरा किया।
इस दौरान महानिरीक्षक ने सीमा पर चेक पोस्ट एवं नाका पॉइंट पर जाकर सुरक्षा का जायजा लिया। तत्पश्चात सीमा चौकी हाकिमपुरवा में सैनिक सम्मलेन कर जवानों का हालचाल जाना एवं उनकी समस्याओं को सुना साथ ही उनका निदान भी किया। जवानों का हौसला बढ़ाते हुए बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर ड्यूटी के दौरान सतर्कता बरतते हुए सीमा क्षेत्र पर होने वाली सभी अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर रखे।
जवानों को अनुशासन बनाये रखने के साथ अपनी ड्यूटी को ईमानदारी से करने एवं सीमा पर हमेशा सजग एवं सचेत रहने का निर्देश दिया। महानिरीक्षक ने शनिवार की रात सीमा चौकी में अधिकारियों व जवानो के साथ भोजन किया। उन्होंने जवानों को साइबर सुरक्षा के बारे में भी बताया और मोबाइल को सुरक्षा के साथ उपयोग करने के लिए हिदायत दी।
इस मौके पर सोनू कुमार उप-कमान्डेंट, विश्वराजीव कुमार, सहायक कमान्डेंट, समवाय सुईया प्रभारी निरीक्षक जिया लाल, सीमा चौकी हाकिमपुरवा प्रभारी अरुणेश शर्मा एवं अन्य जवान उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:-संजीव बालियान का सनसनीखेज खुलासा, कल प्रचार के दौरान की गई उनकी जान लेने की कोशिश
