सुलतानपुर: सहंगिया में एक रात में पांच घरों में चोरी, ग्रामीण जुटे तो फायर कर भागे चोर
दोस्तपुर, सुलतानपुर, अमृत विचार। शुक्रवार की रात सहंगिया गांव में चोरों ने एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाया। दो घरों में चोर चोरी करने में सफल रहे। बाकी घरों में चोर घुसे जरूर मगर उनके हाथ कीमती सामान नहीं लगा। ग्रामीणों के मुताबिक घर के लोगों के जाग जाने पर चोर असलहे से फायर करते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों से बात कर मामले के खुलासे की बात कही। दोस्तपुर थाना क्षेत्र के सहंगिया गांव निवासी अनिल कुमार सिंह, संदीप प्रजापति, मित्रसेन सिंह, परविंदर सिंह, और पवन तिवारी के घर में देर रात घुसे चोरों ने संदीप प्रजापति के घर से आलमारी और बॉक्स में रखे कीमती जेवरात चुरा लिया। मित्रसेन सिंह के घर से भी चोरों ने कुछ जेवरात चुराया। अन्य घरों में चोर घुसे जरूर मगर सफल नही हुए।
पवन तिवारी के घर के पीछे से चोर छत के रास्ते चोरी की कोशिश में थे, इसी बीच घर की महिलाएं जाग गईं। शोरगुल पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों के मुताबिक तब चोर फायर करते हुए भाग निकले। सूचना पर कादीपुर सीओ विनय गौतम, दोस्तपुर थाना प्रभारी राम आशीष उपाध्याय पुलिस टीम के साथ सहंगिया गांव पहुंचे। चोरी की घटना का बारीकी से जायजा लिया।
थाना प्रभारी राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है।

यह भी पढे़ं: बहराइच: बच्चों ने स्कूल चलो व मतदाता जागरुकता रैली निकाल मतदान के लिए किया प्रेरित, बोले- सारे काम छोड़ दो....
