अल्मोड़ा: वोट देकर आ रही महिला का बेखौफ बदमाशों ने लूटा मंगलसूत्र 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिला मुख्यालय अल्मोड़ा में बेखौफ हो चुके बदमाशों का हौंसला लगातार बुलंद होता जा रहा है। शुक्रवार को मतदान कर वापस लौट रही एक महिला को नगर के चीनाखान के पास नौघर नामक स्थान पर एक बदमाश ने दबोच लिया और उसका मंगलसूत्र छीनकर वहां से फरार हो गया। जिसके बाद महिला ने पुलिस को आपबीती सुनाई और इस मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस अब मामले की छानबीन में जुट गई है। 

शुक्रवार को ढूंगाधारा निवासी एक महिला प्राथमिक विद्यालय एडम्स में बनाए गए मतदान केंद्र में अपना वोट डालकर वापस लौट रही थी। चीनाखान में नौघर के पास महिला को अकेला देखकर एक बदमाश महिला के गले से सोने के मंगलसूत्र को लूट कर फरार हो गया। महिला शोर न मचा सके इसके लिए बदमाश ने पहले महिला का गला दबाया और एक तोले के सोने के मंगलसूत्र को लेकर वहां से फरार हो गया।

डरी सहमी महिला के रोने की आवाज सुन आसपास के लोग वहां एकत्रित हुए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद महिला ने पुलिस कर्मियों को आपबीती सुनाई। चौकी प्रभारी एनटीडी रमेश नेगी ने बताया कि घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी फुटेज एकत्रित की गई है।

जिसमें एक युवक लूट पाट के बाद भागता हुआ दिखाई दे रहा है। आरोपी की धरकपड़ के प्रयास जारी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उल्लेखनी है कि इससे पहले भी नगर के अनेक मोहल्लों में इस तरह की लूटपाट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जिनका पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है। जिससे स्थानीय लाेगों में खासी नाराजगी भी व्याप्त है। 

संबंधित समाचार