Kanpur Dehat: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बोले- 'कांग्रेस-सपा के बारे में लोग पूछेंगे तो जवाब मिलेगा कौन सी पार्टी'

Kanpur Dehat: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बोले- 'कांग्रेस-सपा के बारे में लोग पूछेंगे तो जवाब मिलेगा कौन सी पार्टी'

कानपुर देहात, अमृत विचार। राजपुर कस्बा में आयोजित चुनावी सभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस व सपा पर जमकर हमला बोला। साथ ही भाजपा सरकार में विकास को आजाद भारत में सबसे तेजी से कराने का दावा किया। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन मांगा।

गुरुवार की दोपहर राजपुर के भारतीय विद्यापीठ इंटर कॉलेज में इटावा लोकसभा के प्रत्याशी डॉ. रामशंकर कठेरिया के पक्ष में चुनावी सभा करने केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे। उन्होंने उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने भारत को सशक्त देश बनाया है। पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। 

रक्षामंत्री ने कहा कि रूस व यूक्रेन युद्ध के दौरान भारत के हजारों छात्र यूक्रेन में फंसे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन व रूस के राष्ट्रपति से वार्ता कर चार घंटे के लिए युद्धविराम कराकर 22 हजार छात्रों को सकुशल भारत वापस बुला लिया। रक्षामंत्री ने कहा कि कांग्रेस व समाजवादी पार्टी के बारे में अगले कुछ सालों में पूछा जाएगा कौन कांग्रेस व सपा पार्टी है। 

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में विकसित भारत का सपना पूरा हुआ है। भाजपा धर्म या जाति के आधार पर किसी में भेदभाव नहीं करती है। हिंदुस्तान में पहले उत्तर प्रदेश की गरीब राज्यों में गिनती होती थी, लेकिन मोदी और योगी ने कुछ ही वर्षों में यूपी को गरीब राज्यों की श्रेणी से बाहर कर एक बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में खड़ा किया है। 

भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। देश के प्रधानमंत्री ने धारा 370 समाप्त किया और अयोध्या की धरती पर भव्य राम मंदिर का निर्माण कराकर अपने सबसे बडे़ वादे को पूरा किया है। तीन तलाक़ पर कानून बनाकर मुस्लिम महिलाओं को सुरक्षा दी है। सयुंक्त राष्ट्र संघ में जाकर योग के लिए प्रस्ताव दिया। उसके बाद योग दिवस की शुरुआत की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने की अपील की। 

इस मौके पर इटावा सांसद डॉक्टर रामशंकर कठेरिया, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल, औरैया विधायक गुडिया कठेरिया, पूर्व विधायक विनोद कटियार, जिलाध्यक्ष मनोज शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष बंशलाल कटियार, लोकसभा प्रभारी व पूर्व विधायक नीरज चतुर्वेदी, चैयरमैन अंशू त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव बोले- 'पहली ही गेंद पर मारेंगे छक्का...रूझान देखकर बिगड़ी भाजपा नेताओं की भाषा'