लखीमपुर खीरी: पिता बोला, बेटी की हुई हत्या पुलिस कर रही लीपापोती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी,अमृत विचार: लखीमपुर-देवकली रेल प्रखंड पर मोहल्ला शांतीनगर में रेलवे ट्रैक के किनारे छात्रा का शव बरामद होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। दो दिन बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर न पहुंची है। इससे परिजनों में रोष बढ़ रहा है।

बुधवार को सदर कोतवाली पहुंचे छात्रा के पिता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उसकी बेटी की ट्रेन के सामने धक्का देकर हत्या की गई है। पुलिस इसे हादसा बताकर लीपापोती कर रही है। उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर संदेह जताया है और दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग उठाई है।

सोमवार को मोहल्ला फत्तेपुर सैधरी निवासी काव्या अवस्थी का शव शांतीनगर के निकट रेलवे लाइन के किनारे मिला था। वह तीन युवकों के साथ रेलवे ट्रैक पर जाती देखी गई थी। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो तीनों युवकों की फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद मिली थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया था, जबकि तीसरा युवक अभी भी पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। 

घटना को हुए 48 घंटे बीत चुके हैं। पुलिस अभी तक घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। इससे लोगों में रोष है। पुलिस इस घटना को हादसा मान रही है, लेकिन परिवार के लोग हत्या बता रहे हैं। बुधवार को मृतका के पिता राजेश अवस्थी सदर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने सदर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि उसकी पुत्री की मौत महज हादसा नहीं है।

ट्रेन के सामने युवकों ने फेंक कर उसकी बेटी की हत्या की है। पुलिस हादसा बताकर मामले में लीपापोती करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की। उधर बेटी की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। परिवार वालों का रो-रोकर हाल बेहाल है।

बता दें कि काव्या अवस्थी इंटरमीडिएट की छात्रा थी। वह सोमवार को स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी। दोपहर करीब एक बजे उसका शव शांतीनगर में रेलवे ट्रैक के निकट तालाब के किनारे बरामद हुआ था।

छात्रा के पिता ने तीनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। अभी मामले की जांच चल रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई होगी-अंबर सिंह प्रभारी निरीक्षक। कोतवाली सदर

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: चोरों ने नकब लगाकर घर को बनाया निशाना, नकदी समेत जेवरात किए साफ

संबंधित समाचार