बरेली: जून में अटल सेतु को चौपुला पुल से गार्डर से जोड़ा जाएगा, सितंबर में आवागमन के लिए खोला जाएगा पुल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सोनीपत में गार्डर बनकर तैयार, 2 जून को पहुंचेगा बरेली

बरेली, अमृत विचार। चौपुला पुल को अटल सेतु से जोड़ने के लिए 42 मीटर लंबा स्टील का गार्डर सोनीपत में बन कर तैयार हो चुका है। गार्डर छह टुकड़ों में 2 जून को बरेली पहुंच जाएगा। इसके बाद गार्डर से दोनों पुलों को जोड़ दिया जाएगा। इसके बाद सड़क और रेलिंग बनाई जाएगी। सेतु निगम ने पुल पर सितंबर में वाहनों के आवागमन की योजना तैयार की है। दोनों पुलों के जुड़ जाने से चौपुला पर जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी।

अटल सेतु का निर्माण वर्ष 2018 में शुरू हुआ था। इस प्रोजेक्ट में पुल को पुराने चौपुला पुल से जोड़ने का काम शामिल था लेकिन दोनों पुलों के बीच एक निजी भवन के मालिक की आपत्ति की वजह से 2021 में यह काम अटक गया था। इसके बाद सेतु निगम ने डिजाइन में बदलाव कर दोनों पुलों को लोहे के गार्डर से जोड़ने की योजना बनाई। इसके लिए दिल्ली की एक कंपनी ने 42 मीटर लंबे स्टील के स्ट्रक्चर को सोनीपत के खरौदा की एक कंपनी को गार्डर तैयार करने के लिए आर्डर दिया था। 

सेतु निगम से मिली जानकारी के अनुसार गार्डर बनकर तैयार हो गया है और छह टुकड़ों में 2 जून को बरेली पहुंच जाएगा। इसके बाद गार्डर को आपस में जोड़कर क्रेन के जरिए पिलर पर रखा जाएगा। इसमें करीब 20 जून तक का समय लगेगा। गार्डर रखने के बाद सड़क और रेलिंग का निर्माण किया जाएगा। अब कार्य समाप्त होने की अवधि जुलाई की जगह सितंबर महीने की तय की गई है। करीब चार महीने बाद पुल लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।

जाम से मिलेगी निजात
चौपुला पुल के अटल सेतु से जुड़ने से बदायूं रोड पर जाने वालों को सबसे अधिक फायदा मिलेगा। अभी बदायूं रोड पर जाने के लिए लोगों को अटल सेतु से नीचे उतरकर पुराने चौपुला पुल से होकर जाना पड़ता है। इसके कारण आए दिन पुल के नीचे जाम लग जाता है। यहां तक कई बार बदायूं रोड पुल के मोड़ पर जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ता है और चौपुला पुल पर भी जाम लगता है।

अटल सेतु को जोड़ने के लिए गार्डर तैयार हो गया है। जून के पहले सप्ताह में बरेली गार्डर आ जाएगा। इसके बाद काम शुरू कर दिया जाएगा। प्रयास है कि सितंबर तक काम पूरा हो जाएगा। -सुनील गोस्वामी, सहायक अभियंता, सेतु निगम

ये भी पढे़ं- बरेली: जीजा ने साले को नंगा कर पीटा, वीडियो भी बनाई...रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार