बरेली: प्रसूता ने बच्चा चोरी का आरोप लगाते हुए किया हंगामा, स्टाफ ने वार्ड में किया बंद
रेलवे जंक्शन से गंभीर हालत में 108 एंबुलेंस ने महिला को जिला महिला अस्पताल में दो दिन पहले कराया गया था भर्ती
बरेली, अमृत विचार। जिला महिला अस्पताल में गुरुवार को एक प्रसूता ने स्टाफ पर एक बच्चे को चोरी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। महिला का कहना था कि उसने दो बच्चों को जन्म दिया था। स्टाफ ने उसे दस्तावेज दिखाए लेकिन वह बेड से उठकर भागने लगी तो स्टाफ ने उसे वार्ड में बंद कर पुलिस को सूचना दी। स्टाफ का कहना है महिला की मानसिक हालत ठीक नहीं है।
महिला मंगलवार सुबह बरेली जंक्शन के पास गंभीर हालत में बेहोश पड़ी मिली थी। उसे 108 एंबुलेंस से जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों और स्टाफ ने उसका सुरक्षित प्रसव कराया। जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। गुरुवार को जब उसे होश आया तो उसने कहा कि उसने दो बच्चों को जन्म दिया था लेकिन उसका एक बच्चा गायब है। उसने स्टाफ पर बच्चा चोरी का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इससे स्टाफ और मरीज परेशान हो गए। स्टाफ ने महिला को पूरे दस्तावेज दिखाए तो महिला बेड से उठकर भागने लगी। काफी समझाने के बाद भी वह नहीं मानी तो कोतवाली पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
महिला के साथ आई थी डेढ़ साल की बच्ची
स्टाफ के अनुसार महिला को जब भर्ती किया जा रहा था तब भी महिला अजीब हरकतें कर रही थी। इससे लगता है कि महिला मानसिक मंदित है। महिला के साथ एक डेढ़ साल की बच्ची भी वार्ड में है, लेकिन महिला वह अपना नाम और पता तक ठीक से नहीं बता रही है।
दो दिन पहले रेलवे जंक्शन के पास से एंबुलेंस से अज्ञात महिला भर्ती हुई है। स्टाफ ने महिला का सुरक्षित प्रसव कराया है। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं, लेकिन महिला स्टाफ पर झूठे आरोप लगाकर हंगामा कर रही है। मरीज के पास आधार कार्ड या कोई पहचान संबंधी दस्तावेज भी नहीं है। पुलिस के साथ ही नारी निकेतन को सूचना दे दी गई है -डॉ. त्रिभुवन प्रसाद, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल
ये भी पढ़ें- बरेली: कैंसर पीड़ित के घर में घुसकर दबंगो ने की मारपीट, महिलाओं के साथ की अभद्रता
