अर्जुन पासी हत्याकांड ने पकड़ा तूल: भीम युवा संगठन और सवर्ण आर्मी आमने-सामने, देर रात धरना स्थान पर पहुंचे एसपी
रायबरेली, अमृत विचार। नसीराबाद थाना क्षेत्र के पिछवरिया गांव में अर्जुन पासी की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर भीम युवा संगठन ने जहां छतोह के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विशाल सिंह की गिरफ्तारी के लिए धरना प्रदर्शन किया। वहीं दूसरी तरफ विशाल सिंह के समर्थन में स्वर्ण आर्मी के साथ ही ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ज्ञापन देकर भीम युवा संगठन पर फर्जी तरीके से फंसाने का आरोप लगाया। देर धरना स्थल पर एसपी ने पहुंचकर काफी समझाया।
नसीराबाद थाना क्षेत्र के पिछवरिया गांव में बीते 11 अगस्त को 21 वर्षीय युवक अर्जुन पासी को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसमें मृतक की मां की तहरीर पर विशाल सिंह सहित 7 नामजद व 5 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने 6 नामजद आरोपियों को गिरफतार कर जेल भेज दिया था। लेकिन अब सातंवे आरोपी विशाल सिंह की गिरफ्तारी को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

शुक्रवार को भीम युवा संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र भीमराज, पासी समाज के जिलाध्यक्ष देशराज पासी की अगुवाई में सैकड़ों लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन समाचार लिखे जाने तक जारी था। जिलाध्यक्ष देशराज पासी ने कहा कि जब तक विशाल सिंह की गिरफ्तारी नहीं होती हम लोग धरने से नहीं हटेंगे। वहीं दूसरी तरफ स्वर्ण आर्मी के जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र सिंह की अगुवाई में विशाल सिंह के समर्थन में सीओ सिटी अमित सिंह को ज्ञापन दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि घटना से विशाल सिंह का कोई वास्ता व सरोकार नहीं है। ना ही विशाल सिंह से मृतक व उसके परिवार से किसी तरह का विवाद हुआ है। अंकित सिंह ने कहा कि भीम आर्मी द्वारा माहौल खराब किया जा रहा है। इनके द्वारा फर्जी तरीके से विशाल सिंह को फंसाया जा रहा है। बभनपुर के भूपेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि विशाल सिंह निर्दोष है।
घटना में उनका नाम नहीं था। बाद में राजनीति के तहत तहरीर बदलवाकर उनको फंसा दिया गया। भीम आर्मी द्वारा अराजकता फैलाई जा रही है। विधायक की गाड़ी भी उनके द्वारा तोड़ दी गई। ज्ञापन देने में देवेश प्रताप सिंह, अंकेश सिंह, राहुल सिंह , पुनीत सिंह, गौरव श्रीवास्तव, जन्मेजय सिंह, शुभम यादव, प्रधान रामकरन, रमाकांत तिवारी आदि शामिल रहे।
हमारी मांग है कि विशाल सिंह को गिरफ़्तार किया जाए। जब तक विशाल सिंह की गिरफ्तारी नहीं होगी हम लोग मानने वाले नहीं है.., देशराज पासी जिलाध्यक्ष- पासी समाज।
मेरे भाई विशाल सिंह को साजिशन फंसाया गया है। उनको फंसाने के लिए कई बार तहरीर बदली गई है। किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए...,देवेश प्रताप सिंह।
विशाल सिंह सहित कई लोग हैं जो निर्दोष हैं। उन्हें फंसाया गया है। उनको छोड़ा जाए और निष्पक्ष जांच कराई जाए..., ब्रजेंद सिंह जिलाध्यक्ष, सवर्ण आर्मी।
दलित युवक की हत्या के मामले में सियासत तेज
नसीराबाद थाना क्षेत्र के पिछवरिया गांव में हुई दलित युवक की हत्या के बाद अब सियासत भी तेज हो गई है। भीम आर्मी के बाद सपा भी मामलें में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सियासत तेज कर दी है। सपा मुखिया अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा का प्रतिनिधि मंडल शनिवार को गांव पहुंच कर परिजनों से घटना के संबंध में बात करेगा। प्रतिनिधि मंडल में मोहनलालगंज के सपा सांसद आर के चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष सीएल वर्मा, बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव, सपा नेता सुरेश निर्मल व पुत्तन सिंह यादव गांव पहुंचकर अपनी रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को देंगे।
धरना प्रदर्शन जारी है, समझाने का प्रयास किया जा रहा। पीड़ित परिवार से वार्ता कर जल्द ही कोई निर्णय लिया जाएगा.., धीरेन्द्र श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट।
