राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी और सीएम योगी ने देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी, जानें क्या कुछ कहा...

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू , प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी समेत कई बड़े नेताओं ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में कहा, “रक्षा बंधन के पावन अवसर पर, मैं सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।”

उन्होंने कहा,“ रक्षा बंधन भाई-बहन के अनूठे संबंध का उत्सव है जो प्यार और आपसी विश्वास की भावना को मजबूत बनाता है। धार्मिक और सांस्कृतिक सीमाओं से परे यह पर्व हमारे देश की विविधता में एकता का प्रतीक है। यह ऐसा अनुपम पर्व है जो महिलाओं के हितों की रक्षा करने की हमारी इच्छाशक्ति को मजबूत करता है।मेरी कामना है कि यह पर्व हमारे समाज में सद्भाव और प्रेम की भावना को प्रगाढ़ बनाए और समाज में महिलाओं का सम्मान बढ़े।”

पीएम मोदी ने देशवासियों को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट कर लिखा, ''समस्त देशवासियों को भाई-बहन के असीम स्नेह के प्रतीक पर्व रक्षाबंधन की ढेरों शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के रिश्तों में नई मिठास और जीवन में सुख, समृद्धि एवं सौभाग्य लेकर आए''।

सीएम योगी ने प्रदेश वासियों रक्षा बंधन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सोशल साइट एक्स पर लिखा, '' भाई-बहन के अगाध स्नेह एवं अटूट विश्वास के प्रतीक, महापर्व रक्षाबंधन की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई व अनंत शुभकामनाएं! यह पर्व आप सभी के जीवन में सौभाग्य लाए, समाज में सद्भाव, सौहार्द व सहयोग की भावना और अधिक सशक्त हो, प्रभु श्री राम से यही प्रार्थना है।

बसपा प्रमुख और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने एक्स पर लिखा, ''समस्त देशवासियों को रक्षाबंधन के त्योहार की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। देश की सभी महिलाओं का मान-सम्मान बढ़े, यही कुदरत से कामना''।

यह भी पढ़ें:-अमरोहा: तांत्रिक ने उपचार कराने आई युवती से किया दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल

संबंधित समाचार