मुरादाबाद : शिवपाल सिंह यादव बोले- उपचुनाव में सभी नौ सीटें जीतेगा सपा गठबंधन

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

भाजपा ने गन्ना समिति के चुनाव में की है धांधली, न तो किसी को पर्चा लेने दिया और न ही चुनाव लड़ने का मौका दिया

बहराइच दंगे में प्रदेश सरकार पूरी तरह से नाकाम हुई, आए दिन हत्याएं और लूट हो रही, महिलाएं-बेटियां सुरक्षित नहीं

बिलारी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने गुरुवार को कहा कि प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव में सपा गठबंधन सभी नौ सीटें जीतेगा। भारतीय जनता पार्टी ने गन्ना समिति के चुनावों में धांधली कराई है। गन्ना समिति के चुनाव में अन्य किसी को न तो पर्चा मिला और न उन्हें चुनाव लड़ने का मौका दिया गया। सरकार ने अपने लोगों को प्रशासन की मदद से चुनाव जिताने का काम किया है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव गुरुवार को जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन सपा नेता राजेश यादव के दामाद हरि मंगल डिग्री कॉलेज के प्रबंधक अजय यादव उर्फ सोनू यादव के गृह प्रवेश के मौके पर बिलारी आए थे। इस दौरान उन्होंने मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। कहा कि भाजपा सरकार खुलेआम गुंडागर्दी कर रही है, लोकतंत्र की हत्या कर रही है। भाजपा की सरकार में किसान युवा, व्यापारी, मध्यवर्ग सभी परेशान हैं। महंगाई लगातार बढ़ रही है। प्रदेश में आए दिन हत्याएं और लूट हो रही हैं। महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं है। प्रदेश सरकार फर्जी एनकाउंटर कर रही है और बुलडोजर के नाम पर गरीबों के मकान को तोड़ रही है। अब प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी के मंसूबों को पहचान चुकी है, सभी ने भाजपा को प्रदेश से उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है। 

उन्होंने कहा कि हाल ही में बहराइच में दंगा हुआ है। इसमें सरकार पूरी तरह से नाकाम है, कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। इस दौरान मुख्य रूप से पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामकुमार सिंह यादव, अतर सिंह यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विजय यादव, विमलेश कुमारी, पूर्व विधायक हाजी बिट्टन, जितेंद्र मणि त्रिपाठी, पूर्व पालिका अध्यक्ष साहू सुनील सहाय, पालिका अध्यक्ष बिलारी रघुराज सिंह यादव, फतेह सिंह जाटव, कपिल राज यादव, पीयूष यादव, पूर्व जिपं सदस्य योगेंद्र यादव, मुन्ना श्रोती, शकीरा मलिक, उपेंद्र यादव, ग्राम प्रधान बबलू यादव आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी खर्च कर सकेंगे 40 लाख रुपये

 

संबंधित समाचार