उन्नाव में बड़ा हादसा: नाले की खुदाई के दौरान फटी खांदी, दो मजदूरों की मौत, एक गंभीर

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव-रायबरेली हाईवे संख्या-31 पर सिकंदरपुर करन के पास चल रही नाला खुदाई के दौरान रविवार देरशाम अचानक खांदी फटने से वहां काम कर रहे तीन मजदूर मिट्टी के नीचे दब गए। उनकी चीख सुन अन्य मजदूर व ग्रामीण एकत्र हो गए। लोगों ने आनन-फानन फावड़े ओर जेसीबी से मिट्टी में दबे तीनों मजदूरों को बाहर निकाला।

इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में एंबुलेंस से 100 बेड अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टर ने दो को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उसे भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना पर पहुंची घटना की जांच कर रही है। 

बता दें कि ब्लाक सिकंदरपुर करन स्थित हो रहे रोड निर्माण की कार्यदायी संस्था पीएनसी आफिस के सामने कंपनी द्वारा सीवर पाइप लाइन डालने का काम रविवार देरशाम किया जा रहा था। तभी पाइप डालने को लेकर खोदे गए गड्ढे में मजदूरों के काम करते समय अचानक साइड की मिट्टी फटने से खांदी धंस गई।

जिससे वहां काम कर रहे मजदूर गणेश (35) पुत्र हरिश्चंद्र निवासी गांव तुलाई लोध का पुरवा थाना गदगंज रायबरेली, शिवकुमार (50) पुत्र रामनारायण निवासी कटियारा थाना राम नगर बाराबंकी व अवध राम निवासी किंतुर थाना बदोसराय बाराबंकी मिट्टी में दब गए। जानकारी मिलते ही अन्य मजदूर व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कंपनी अधिकारियों व पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस व ग्रामीणों ने रेस्क्यू शुरू किया। इसके करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद मिट्टी के नीचे दबे तीनों मजदूरों को गंभीर हालत में बाहर निकाला जा सका। इसके बाद आनन-फानन सभी को एंबुलेंस से नजदीक के अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डाक्टर ने शिवकुमार व अवधराम को मृत घोषित कर दिया। जबकि गणेश को गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उसे भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।

उधर, पुलिस भी घटना को लेकर गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल अभी तक संबंधित कंपनी के किसी भी अधिकारी द्वारा कोई जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना देते हुए शव मोर्चरी भेजे हैं। घटना को लेकर अन्य मजदूरों में आक्रोश है।

यह भी पढ़ें:-वाराणसी: नेत्र अस्पताल के उद्घाटन पर बोले सीएम योगी- काशी की विकास यात्रा में नया अध्याय जुड़ा

 

संबंधित समाचार