Bareilly: मुंबई और बेंगलुरु फ्लाइट का समय बदला, जानें कब से शेड्यूल लागू होगा?

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

बरेली से मुंबई के लिए सप्ताह में चार और बेंगलुरु के लिए तीन दिन है फ्लाइट

बरेली, अमृत विचार: सर्दी शुरू होते ही इंडिगो एयरलाइंस ने बरेली एयरपोर्ट से मुंबई और बेंगलुरु फ्लाइट के समय में परिवर्तन कर दिया है। एयरलाइंस ने नई समय सारिणी भी लागू कर दी है। अभी सप्ताह में बरेली से मुंबई के लिए चार दिन और बेंगलुरू के लिए तीन दिन एयरबस उड़ान भर रही है।

सिविल एन्क्लेव (बरेली एयरपोर्ट) पर तैनात इंडिगो के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार नया शेड्यूल मार्च 2025 तक लागू रहेगा। परिवर्तित समय के अनुसार अब इंडिगो की फ्लाइट मुंबई से बरेली एयरपोर्ट दोपहर में 2:10 बजे लैंड करेगी और करीब 40 मिनट ठहराव के बाद फ्लाइट बरेली से मुंबई के लिए 2:50 बजे उड़ान भरेगी। अभी मुंबई के लिए सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को फ्लाइट का अप-डाउन है। इसी तरह फ्लाइट बेंगलुरु से उड़ान भरकर दोपहर में 2:05 बजे बरेली एयरपोर्ट पर लैंड करेगी और करीब 40 मिनट के ठहराव के बाद बरेली से 2:45 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरेगी। बेंगलुरु फ्लाइट सप्ताह में मंगलवार, गुरुवार और शनिवार काे है।

मुंबई फ्लाइट का 28 मार्च, 2025 और बेंगलुरु फ्लाइट का 29 मार्च 2025 तक नया शेड्यूल लागू रहेगा। अधिकारी के अनुसार मुंबई की फ्लाइट जिन तीन दिन नहीं है, उन दिनों में बेंगलुरु है तो यह कनेक्टिंग फ्लाइट का काम भी करती है। मुंबई जाने वाले यात्री बेंगलुरु से भी मुंबई जा सकते हैं। बरेली से दोनों फ्लाइट के लिए एयर ट्रैफिक अच्छा मिल रहा है। इंडिगो की कॉमर्शियल फ्लाइट हाेने के बावजूद हजारों यात्रियों के लिए बरेली मंडल और कुमाऊं मंडल में आने-जाने के लिए बड़ी राहत मिली है। इंडिगो दिल्ली के लिए फ्लाइट शुरू करने की कोशिश में लगी है, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर स्लॉट नहीं मिलने की वजह से दिल्ली फ्लाइट शुरू नहीं हो पाएगी।

2024 में शुरू नहीं हो सकी एक भी फ्लाइट
बरेली एयरपोर्ट से वर्ष 2024 में एक भी फ्लाइट शुरू नहीं हो सकी। गर्मी के बाद सर्दी का मौसम शुरू होते ही एयर ट्रैफिक में भी कमी दर्ज होने लगती है, इसलिए एयरलाइंस कंपनियां सर्दी में नई फ्लाइट शुरू नहीं करती हैं। मार्च 2024 में एलाइंस एयर की बरेली-दिल्ली फ्लाइट का संचालन बंद होने के बाद लखनऊ और दक्षिण भारत के लिए कई फ्लाइट शुरू होने की उम्मीद थी। जनप्रतिनिधियों के साथ एयरपोर्ट के अधिकारी भी यही कहते रहे कि नई फ्लाइट शुरू कराने की कोशिश में लगे हैं।

यह भी पढ़ें- Bareilly: 1999 से बंद पड़ी रबड़ फैक्ट्री...कर्मचारियों का भुगतान लटका, अब उठेगा मुख्यमंत्री के सामने मुद्दा

संबंधित समाचार