मुरादाबाद : शराब पीने से मना किया तो पत्नी को दूध में दिया जहरीला पदार्थ, हालत नाजुक

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शराब पीने से मना करने पर हलवाई ने पत्नी को दूध में जहरीला पदार्थ मिलाकर दे दिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। जानकारी मिलने पर मायके वालों ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

थाना मझोला क्षेत्र के मंगूपुरा में रहने वाली सुमन की शादी ढाई साल पहले सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के चक्कर की मिलक में रहने वाले विष्णु से हुई थी। विष्णु शादी समारोह और होटलों में खाना बनाने का काम करता है। दंपती के 2 बच्चे भी हैं। मायके वालों का आरोप है कि विष्णु को शराब पीने की आदत है और वह आए दिन पत्नी के साथ शराब के नशे में मारपीट करता है। पत्नी शराब पीने से रोकती है तो उसकी डंडे से पिटाई करता है।

परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपनी बड़ी बेटी को भी सुमन की ससुराल में कुछ दिन के लिए छोड़ा था, जिससे उन दोनों में सुलह करा सके। लेकिन, बाद भी दोनों का विवाद खत्म नहीं हुआ। बीते रविवार रात को मारपीट करने के बाद रात में किसी समय विष्णु ने नाटक करते हुए पत्नी को दूध पीने के लिए दिया। दूध पीते ही सुमन की हालत बिगड़ गई। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे मायके वालों ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मायके वालों का आरोप है कि दामाद ने उनकी बेटी को दूध में जहरीला पदार्थ देकर मारने का प्रयास किया है। फिलहाल सुमन का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : कम हुआ प्रदूषण, महानगर के तीन क्षेत्रों में संतोषजनक स्थिति में वायु गुणवत्ता सूचकांक

संबंधित समाचार