कानपुर में गल्ला मंडी चौराहा वाला रास्ता होगा पूरा बंद: यहां से यहां तक नया डायवर्जन, देखें- पूरी लिस्ट
अखिलेश्वर मंदिर से विजयनगर चौराहा तक नया डायवर्जन
कानपुर, अमृत विचार। मेट्रो के कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) के अन्तर्गत डबल पुलिया से विजयनगर मेट्रो स्टेशन की ओर कट एण्ड कवर टनल निर्माण के लिये कार्य किया जा रहा है। यातायात पुलिस की अनुमति से संशोधित डायवर्जन प्लान जल्द ही लागू कर दिया जाएगा।
इस डायवर्जन प्लान के तहत नमक फैक्ट्री चौराहा से विजय नगर चौराहा की तरफ आने वाले हल्के वाहन अखिलेश्वर मंदिर से बाएं मुड़कर दाहिने हाथ पर साईं चौराहा और बालेश्वर मंदिर होकर सीधे विजय नगर चौराहा निकल सकते हैं। अब इस तरफ जाने वाले वाहनों के लिए गल्ला मंडी चौराहा वाला रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
विजय नगर चौराहा से नमक फैक्ट्री चौराहा की तरफ जाने वाले हल्के वाहन सब्जी मंडी तिराहा से दाएं मुड़कर गल्ला मंडी चौराहा होते हुए आगे बढ़ सकते हैं। भारी वाहनों को विजयनगर चौराहा से पहले की तरह ही दाहिने मुड़कर मरियमपुर की तरफ बढ़ना होगा।
