बरेली: बासमती, शरबती, 2626 और 1509 धान की हालिंग जांच के निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जनपद में इस वर्ष जिन किसानों ने बासमती, शरबती, 2626 और 1509 धान उगाया है। वे संकट में पड़ गये हैं। बाजार में पतले धान की सही कीमत नहीं मिल रही है। पिछले साल अमूमन इन प्रजातियों का धान 2200 रुपये तक प्रति क्विंटल के हिसाब से बिक जाता था लेकिन पतला …


बरेली, अमृत विचार। जनपद में इस वर्ष जिन किसानों ने बासमती, शरबती, 2626 और 1509 धान उगाया है। वे संकट में पड़ गये हैं। बाजार में पतले धान की सही कीमत नहीं मिल रही है। पिछले साल अमूमन इन प्रजातियों का धान 2200 रुपये तक प्रति क्विंटल के हिसाब से बिक जाता था लेकिन पतला धान इस बार मोटे धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य से भी चार सौ रुपये कम में बिक रहा है। इससे किसान बेहद परेशान हैं।

बड़ी संख्या में किसान पतले धान को बेचने के लिये सरकारी क्रय केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। क्रय केंद्रों पर पतला धान नहीं खरीदा जा रहा है। कई शिकायतें जिलाधिकारी से लेकर शासन तक पहुंचीं। कलेक्ट्रेट में बनाये गये कंट्रोल रूम में भी बासमती व शरबती धान नहीं खरीदने की शिकायतें पहुंच रही हैं। इसे गंभीरता से लेते हुये जिलाधिकारी नितीश कुमार ने किसानों को राहत पहुंचाने के लिये धान खरीद से जुड़े अधिकारियों से बीच का रास्ता निकालने के लिये बात की।

इसके बाद डीएम ने बासमती, शरबती, 2626 और 1509 प्रजाति के धान की हालिंग (प्रति क्विंटल में कितने चावल की रिकवरी निकलेगी) की जांच कराने के निर्देश दिये हैं। किसानों का धान खरीदने से पहले यदि जांच में इन प्रजातियों में रिकवरी रेट मोटे धान की तरह है तो उम्मीद है कि किसानों के पतले धान को भी सही भाव मिल सकता है। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन/जिला खरीद अधिकारी वीके सिंह ने उपरोक्त प्रजातियों के धान की हालिंग करने के लिये एसडीएम बहेड़ी राजेश चंद्र के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम गठित की है।

ये टीम जांच कर उपलब्ध कराएगी टेस्ट रिपोर्ट
पतले धान की जांच के लिये एसडीएम बहेड़ी की अध्यक्षता में खाद्य तथा रसद विभाग के क्षेत्रीय विपणन अधिकारी कृष्ण दास, भारतीय खाद्य निगम के मैनेजर (क्यूसी) मनमीत सिंह और कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक कुलजीत सिंह की टीम गठित की गयी है। जिलाधिकारी ने धान की टेस्ट रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं।

केंद्रों पर बासमती, शरबती, 2626 और 1509 प्रजाति का धान भी पहुंच रहा है। इस धान में कितनी रिकवरी है। इसका पता लगाने के लिये हालिंग टेस्ट कराया जा रहा है। इसके लिये टीम गठित कर दी है। -वीके सिंह, जिला खरीद अधिकारी

केंद्र प्रभारी विजेंद्र पाल का स्पष्टीकरण तलब
क्योलड़िया के धान क्रय केंद्र पर विजेंद्र पाल सिंह की ड्यूटी लगायी गयी है। 29 अक्टूबर तक केंद्र पर धान खरीद शून्य रही। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला खाद्य विपणन अधिकारी सुनील भारती ने केंद्र प्रभारी विजेंद्र का स्पष्टीकरण तलब किया है। स्पष्टीकरण मांगते हुये जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने केंद्र प्रभारी को भेजे पत्र में कहा है कि धान खरीद के लिये एक कांटा अनुमन्य है। जिस पर 300 क्विंटल धान खरीद नियमानुसार करायी जानी चाहिये। 29 अक्टूबर तक की समीक्षा में पाया गया कि केंद्र पर शून्य खरीद की गयी है। उक्त स्थिति अत्यंत खेदजनक है। क्यों न आपके विरुद्ध कार्रवाई करने की संस्तुति कर दी जाए।

संबंधित समाचार