मुरादाबाद : निर्यातक से 50 लाख की रंगदारी मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

दोनों आरोपियों ने अपने तीसरे साथी संग मिलकर वसूले थे पांच लाख रुपये

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने कटघर के नंद कालोनी निवासी शिव कुमार और मझोला के आजाद नगर निवासी पवन शर्मा को रंगदारी मांगने पर गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपियों ने कांठ रोड निवासी एक्सपोर्ट को धमकी देकर 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की थी और पांच लाख रुपये की नकदी वसूल भी ली थी।

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि थाना सिविल लाइंस के कांठ रोड प्रेमनगर में स्थित एक्सपोर्ट फर्म वजीर चंद्र एंड कंपनी के मालिक अरशु ढल ने बीती 24 दिसंबर को तीन लोगों पर रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें अपने पिता किशनलाल ढल के चालक शिवकुमार, बॉडीगार्ड पवन कुमार शर्मा और उनके साथी अनुज को नामजद किया था। आरोप लगाया था कि तीनों ने धमकी देकर 50 लाख की रंगदारी मांगी है। पांच लाख रुपये वसूल भी लिए हैं। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद से पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सोमवार को थाना सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना, एसआई अनुज कुमार और हेड कांस्टेबल अंकुल की टीम ने सोनकपुर पुल के नीचे रेलवे लाइन के पास से दो आरोपी शिवकुमार और पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 94 हजार 70 रुपये की नकदी, एक मोबाइल फोन, 32 बोर की दो पिस्टल और 10 कारतूस बरामद किये हैं। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी शिवकुमार कटघर थाना क्षेत्र के पीतल नगरी नंद कालोनी समरधाम का रहने वाला है। दूसरा आरोपी पवन कुमार शर्मा मूल रूप से बरेली जिले के आंवला थाना क्षेत्र के गांव रसूला का रहने वाला है और वर्तमान में मझोला थाना क्षेत्र के आजादनगर लाइनपार में रहता है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। इस मामले में तीसरे आरोपी अनुज की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार