Bareilly: 168 संविदा कर्मचारियों की छंटनी के बाद बिजली संकट, 55 शिकायतों में सिर्फ 35 का समाधान

बरेली, अमृत विचार: जिले में 168 संविदा कर्मचारियों की नौकरी जाने के बाद अब बिजली संकट शुरू हो गया है। फाल्ट होने पर समय से ठीक नहीं हो पा रहा है। रविवार को हेल्पलाइन और रामपुर गार्डन स्थित हेल्प डेस्क पर बिजली कटौती और लोकल फाल्ट की 55 शिकायतें आईं, जिसमें से 35 का देर शाम तक समाधान नहीं हो सका।
जिले में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 1076 संविदा कर्मचारी कार्यरत हैं। मुख्यालय से 31 जनवरी को 55 साल से अधिक उम्र के 168 संविदा कर्मचारियों की छंटनी कर दी गई। शनिवार को कर्मचारियों ने चीफ इंजीनियर कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन भी किया था। कर्मचारियों की कमी का रविवार से असर दिखाई देने लगा।
सब स्टेशन पर नई व्यवस्था के तहत पहले से ही कर्मचारी नहीं बैठ रहे हैं। अब शिकायतें हेल्पलाइन नंबर 1912 या फिर रामपुर गार्डन स्थित हेल्पडेस्क पर की जा सकती हैं। रविवार को जगतपुर, किला, हरुनगला, सुभाषनगर आदि सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में बिजली कटौती और फाल्ट से संबंधित 55 शिकायतें आईं लेकिन कर्मचारियों की कमी होने की वजह से देर शाम तक उनका समाधान नहीं हो सका। इसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी हुई।
कर्मचारी बोले, जान देने के अलावा कोई रास्ता नहीं
संविदा कर्मचारी आदिल खान ने बताया कि वह सीबीगंज सबस्टेशन पर लाइन कुली थे और 10 साल से नौकरी कर रहे थे लेकिन अचानक से नौकरी से हटा दिया गया। सुबह पता लगा कि नौकरी चली गई। अब परिवार के पालन पोषण पर संकट हो गया है। बच्चियों की शादी करने की उम्र हो गई है। अब अगर नौकरी पर नहीं रखा गया तो जान देने के अलावा कोई रास्ता नहीं है। मनोज कुमार ने बताया कि वह 15 साल से संविदा कर्मचारी थे। शनिवार को 168 लोगों को बिना सूचना के निकाल दिया गया। परिवार में छोटे-छोटे चार बच्चे हैं। रोजी रोटी पर संकट आ गया है।
जो शिकायतें आती हैं उसके समाधान के संबंधित क्षेत्र के एसडीओ और जेई को निर्देश दिए जाते हैं। कर्मचारियों के निकाले जाने का कोई खास असर नहीं पड़ा है- सुरेन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता।
यह भी पढ़ें- बरेली: पुलिस मुठभेड़ में दो गोतस्करों को लगी गोली, तीन को किया गया गिरफ्तार