महाराष्ट्र के ठाणे में दर्दनाक हादसा: सेल्फी के चक्कर में युवक ने गवाईं जान, ट्रेन की चपेट में आने से मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रेलवे की पटरियों पर सेल्फी लेने में मशगूल 24 वर्षीय युवक की एक ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पंधारी कांडे ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह घटना मंगलवार शाम को अंबरनाथ और बदलापुर रेलवे स्टेशन के बीच एक फ्लाईओवर के नीचे हुई। 

कांडे के मुताबिक, मृतक की पहचान साहिर अली के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला था और छुट्टियां मनाने के लिए ठाणे के अंबरनाथ इलाके में अपने रिश्तेदार के घर आया था। कांडे ने बताया कि साहिर मंगलवार को अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ सेल्फी लेने और तस्वीरें खिंचवाने के लिए एक फ्लाईओवर के नीचे रेलवे की पटरियों पर गया।

उन्होंने बताया कि सेल्फी लेने में मशगूल होने के कारण वह पीछे से आ रही तेज रफ्तार कोयना एक्सप्रेस पर ध्यान नहीं दे पाया और उसकी चपेट में आ गया। कांडे के अनुसार, हादसे में साहिर की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर कल्याण जीआरपी कर्मी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया। कांडे के मुताबिक, पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है और घटना की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-कुंभ मेला ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से हुई थी बहराइच में तैनात दरोगा अंजनी राय की मौत, डीजीपी ने किया खुलासा 

संबंधित समाचार