पीलीभीत: एकादशी पर प्रयागराज भेजे जाएंगे 53 लाख राम नाम, तीन साल में किया जमा
पीलीभीत, अमृत विचार। करीब तीन साल में एकत्र किए गए 53 लाख राम नाम एकादशी के दिन प्रयागराज पहुंचाए जाएंगे। इन्हें वहां पर चल रही राम नाम बैंक में जमा कराया जाएगा। इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है।
बता दें कि 14 अप्रैल 2022 को गांधी स्टेडियम रोड पर स्थित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया था। इसी के साथ मंदिर कमेटी द्वारा श्री संकट मोचन पंचमुखी हनुमान बाबा चैरिटेबल ट्रस्ट का निर्माण किया गया। मंदिर के समस्त ट्रस्टी द्वारा संकल्प लिया गया था कि 51 लाख से अधिक राम नाम एकत्र होने पर समस्त राम नाम पुस्तिका प्रयागराज या अयोध्या में चल रही रामनाम बैंक में जमा करवा दी जाएगी। वर्ष 2022 से श्रीराम नाम बैंक की शुरुआत कर दी गई थी। मंदिर में पहुंचने वाले भक्तों को राम नाम लेखन पुस्तिका दी गई। भक्त भी इससे जुड़ते चले गए। 11111 (ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह) राम नाम वाली श्री राम नाम लेखन पुस्तिका भक्तों को दी गई थी। अब कमेटी के प्रयास और बाबा के भक्तों के सहयोग से 53 लाख राम नाम जमा हो चुके हैं। जिसके बाद अब शुरुआत के दौरान लिए गए संकल्प को पूरा किया जाएगा। आठ फरवरी एकादशी के दिन सुबह नौ बजे श्री संकट मोचन पंचमुखी हनुमान मंदिर से 53 लाख राम नाम प्रयागराज के लिए प्रस्थान किए जाएंगे।
श्री संकटमोचन पंचमुखी हनुमान बाबा चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान ट्रस्टी शिरीष सक्सेना ने बताया कि भारतीय रामनाम बैंक की शुरुआत वर्ष 2022 में की गई थी। अब तक 53 लाख राम नाम जमा हो चुके है। पूर्व में लिए गए संकल्प के तहत आठ फरवरी को एकादशी के दिन मंदिर से सुबह नौ बजे प्रयागराज के लिए प्रस्थान किया जाएगा।
ये भी पढ़ें - पीलीभीत: छुट्टा घूम रहे सांड का नहीं समाधान, चली गई एक और जान, पूर्व प्रधान भी घायल
