कानपुर में पांच आरोपियों के लाइसेंस निरस्त: नई सड़क दंगे में आरोपी हाजी वसी के दो पिस्टल शामिल...पढ़ें- पूरी खबर
कानपुर, अमृत विचार। भौकाल झाड़ने के लिए लाइसेंसी असलहों से हवाई फायरिंग करने और कई मुकदमे दर्ज होने के अलग-अलग मामलों में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने पांच शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए हैं। नई सड़क हिंसा के मास्टरमाइंड हाजी वसी, अब्दुल रहमान के पिस्टल लाइसेंस भी निरस्त किए गए हैं।
देवकीनगर नौबस्ता निवासी अजय शर्मा ने भौकाल कायम करने के लिए लाइसेंसी पिस्टल से घर की छत पर हवाई फायरिंग की थी जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। अजय शर्मा का लाइसेंस भी निरस्त कर दिया गया है। इसी प्रकार फत्तेपुर बर्रा निवासी धीरेंद्र सिंह भदौरिया ने भी रंगबाजी में हाईवे की सर्विस रोड पर हवाई फायरिंग की थी। उसका लाइसेंस भी निरस्त कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने चमनगंज निवासी हाजी वसी के दो पिस्टल व अब्दुल रहमान के एक पिस्टल लाइसेंस को भी निरस्त किया है। बता दें कि नई सड़क हिंसा मामले में आरोपी बिल्डर हाजी वसी पर पुलिस ने छह माह के लिए जिलाबदर की भी कार्रवाई की थी। वसी की हिस्ट्रीशीट भी खोली जा चुकी है। 3 जून 2022 को नई सड़क और दादा मियां हाता के पास जुमे की नमाज के बाद हिंसा भड़की थी।
इसमें हाजी वसी का नाम आया था। वसी पर चमनगंज, बेकनगंज, बाबूपुरवा, रायपुरवा, अनवरगंज थाने में 12 मुकदमे दर्ज हैं। उसकी संपत्ति का जब्तीकरण भी हुआ था। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। पांच लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए गए हैं।
