म्‍यांमार और थाईलैंड में शक्तिशाली भूकंप से अब तक 700 लोगों की मौत, 1600 से अधिक लोग घायल, भारत ने भेजी राहत सामग्री

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बैंकाक। म्यांमा में आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर करीब 700 हो गई है। म्यांमा की सरकार ने यह जानकारी दी। सेना के नेतृत्व वाली सरकार की ओर से जारी एक बयान के अनुसार सरकारी टेलीविजन एमआरटीवी ने बताया कि भूकंप के कारण अब तक 694 लोगों की मौत हो चुकी है तथा 1,670 अन्य लोग घायल हुए हैं। 

समाचार वेबसाइट 'द इरावाडी' ने भी यही आंकड़े बताए हैं। शुक्रवार को आए भूकंप का केंद्र म्यांमा के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले से ज्यादा दूर नहीं था। भूकंप के कारण कई इलाकों में इमारतें ढह गईं और व्यापक क्षति हुई है। म्यांमा लंबे समय से चल रहे खूनी गृहयुद्ध की चपेट में है, और वहां पहले से ही एक बड़ा मानवीय संकट बना हुआ है। भूकंप के कारण म्यांमा में राहत एवं बचाव कार्यों को चलाना भी काफी मुश्किल हो रहा है।

सैन्य सरकार के प्रमुख सीनियर जनरल मिन आंग ह्लाइंग ने शुक्रवार को एक टेलीविजन प्रसारण में कहा था कि भूकंप के कारण मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। उन्होंने बताया था कि अब तक 144 लोग मृत पाए गए हैं। म्यांमा के पड़ोसी देश थाईलैंड में भी भूकंप का असर दिखा और यहां कम से कम छह लोगों की मौत हो गयी जबकि 22 लोग घायल हो गए।  

भारत ने म्यांमार भेजी राहत सामग्री

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया कि भारत  की ओर से म्यांमार में राहत और बचाव सामग्री भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि भारतीय वायुसेना का सी-130 विमान कंबल, तिरपाल, स्वच्छता किट, स्लीपिंग बैग, सोलर लैंप, भोजन के पैकेट और रसोई सेट लेकर उड़ान भर रहा है। इस विमान में रेस्क्यू और मेडिकल टीम भी जा रही है। हम इस घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं और आगे भी मदद पहुंचाई जाएगी। 

भूकंप के बाद श्रीलंका ने म्यांमार, थाईलैंड के प्रति की संवेदना व्यक्त

श्रीलंका के विदेश मंत्रालय, विदेशी रोजगार और पर्यटन ने एक बयान में कहा कि वह शुक्रवार को म्यांमार और थाईलैंड में आए भूकंप से प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है। मंत्रालय ने उन लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और जो लोग घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मंत्रालय ने थाईलैंड और म्यांमार में श्रीलंकाई लोगों से सतर्क रहने और यांगून और बैंकॉक में श्रीलंकाई दूतावासों से संपर्क करने का अनुरोध किया।  

म्यांमार भूकंप से पड़ोसी चीनी प्रांत में 1,700 लोग प्रभावित

बीजिंग: म्यांमार में आए 7.7 तीव्रता के भूकंप से दक्षिण-पश्चिमी चीनी प्रांत युन्नान में 1,700 से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। सरकारी चीनी टेलीविजन चैनल सीसीटीवी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भूकंप से सीमावर्ती जिले रुइली में 458 घर प्रभावित हुए, कुल 1,705 लोग प्रभावित हुए। दो लोग घायल हुए। कई ऊंची इमारतें और पुराने घर क्षतिग्रस्त हो गए। पानी और बिजली की आपूर्ति, सार्वजनिक परिवहन और दूरसंचार सेवाएँ बाधित हुईं। भूकंप का असर म्यांमार के पड़ोसी पाँच देशों में भी महसूस किया गया। म्यांमार के प्रधानमंत्री मिन आंग ह्लाइंग ने कहा कि इस आपदा में कम से कम 144 लोगों की मौत हो गई। आपातकालीन स्थिति के रूसी मंत्रालय ने आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रयास में म्यांमार की सहायता के लिए बचाव दल को ले जाने वाले दो विमान भेजे।

यह भी पढ़ें:-म्यांमार में शक्तिशाली भूकंप के कारण कम से कम 144 लोगों की मौत, 730 लोग घायल

 

 

संबंधित समाचार