Etawah में नवविवाहित दंपती ने की खुदकुशी: पत्नी ने लगाई फांसी तो पति ने भी दी जान, दोनों में इस बात पर हुआ था विवाद...
.jpg)
इटावा (बकेवर), अमृत विचार। ग्राम हर्राजपुर में शुक्रवार सुबह नवविवाहित दंपति ने अलग-अलग घरों में छत के कुंडे से फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। पहले महिला ने फांसी लगा ली थी। पुलिस महिला के शव के पंचनामा की तैयारी कर रही थी। पति ने बच्चे के लिए दूध लाने का बहाने से दूसरे घर में जाकर कुंडे से फांसी लगा ली।
दोनों का चार माह का एक पुत्र हैं। बताते हैं महिला रोशनी (23) ने पति विशाल (24) से बच्चे के मुंडन कराने को कहा था। पति ऑटो चलाता था। पति ने एक दो चक्कर लगा कर आने की बात कह दी थी। इसी बात पर महिला पति से नाराज हो गयी। महिला रोशनी ने सुबह करीब साढ़े नौ बजे कमरे में कुंडे से फांसी लगा ली। जबकि पति ने वहां से करीब दो सौ मीटर दूर स्थित अपनी मां के घर पर जाकर फांसी लगा ली।
दोनों हर्राजपुर गांव में ही किराये पर मकान लेकर रहते थे। फांसी लगाने की सूचना पर बकेवर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह राठी कस्बा इंचार्ज एसआई हाकिम सिंह मय फोर्स मौके पर पहुँचे। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। सूचना मिलने पर एएसपी ग्रामीण सत्यपाल सिंह, सीओ भरथना अतुल प्रधान भी मौके पर पहुंचे।