बदायूं : बाइक सवार दंपती से दिन दहाड़े तमंचे के बल पर लूट

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बिनावर थाना क्षेत्र के गांव घटपुरी और औरंगाबाद के बीच हुई घटना

विजय नगला, अमृत विचार। बाइक सवार दंपती से दिन दहाड़े तमंचे के बल पर लूट की गई। पत्नी को मायके से लेकर लौट रहे युवक की बाइक को बाइक सवार बदमाशों ने घेरा। महिला के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। एक कार आती देखकर बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एसएसपी ने खुलासे के लिए एसओजी को लगाया है। पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग की लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला है। पीड़ित ने तहरीर देकर खुलासे की मांग की है।

मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव काजी सहौरा निवासी सर्जन सिंह पुत्र मनोहर की ससुराल बरेली के थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव आकूपुर में है। शुक्रवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे वह अपनी पत्नी मीना को बाइक से वापस लेकर अपने गांव आ रहे थे। घटपुरी और औरंगाबाद के बीच पहुंचे। इसी दौरान नीले रंग की बाइक से दो लोग आए। तमंचे के बल पर उनकी बाइक रुकवा ली। बाइक की चाबी निकाल ली। सर्जन सिंह और मीना से मारपीट करने लगे। एक बदमाश ने मीरा के गले से सोने का हार, मंगलसूत्र, चांदी के दो हाथ फूल लूट लिया। पत्नी की और तलाशी लेने लगे। इसी दौरान औरंगाबाद से घटपुरी की ओर एक कार आती नजर आई। बदमाश कार को देखकर बाइक लेकर फरार हो गए। वह बदमाशों की बाइक का नंबर नहीं देख पाए।

पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मौका मुआयना किया। बताया जा रहा है कि बदमाश बरेली से ही उनके पीछे लगे थे। जो पुलिस की जांच में सामने आएगा। बिनावर के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार कंबोज ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। रिपोर्ट दर्ज करके बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें - बदायूं के युवक की मथुरा में करंट लगने से मौत, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

संबंधित समाचार