Kannauj में नए DM ने संभाला चार्ज: अधूरी परियोजनाएं पूरी कराना...भ्रष्टाचार रोकना होगा चुनौती

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

नए डीएम को आईजीआरएस के सही निस्तारण पर देना होगा जोर

कन्नौज, अमृत विचार। नए डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बुधवार को कन्नौज जनपद की कमान संभाल ली है। भौगोलिक स्थिति समझने के बाद अधूरी या बंद पड़ीं परियोजनाओं को पूरा कराना और सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार को रोकना उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं हैं। पीड़ितों व वादकारियों को छोटे-छोटे काम के लिए भी बार-बार तहसीलों के चक्कर लगवाए जाते हैं। 

लखनऊ में करीब 3 साल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष सचिव रहे आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कन्नौज के 29वें जिलाधिकारी के रूप में शाम करीब सवा 5 बजे कार्यभार संभाला। वर्तमान डीएम शुभ्रान्त शुक्ल ने चार्ज हस्तांतरित किया। अब वह इटावा के डीएम बन गए हैं। उन्होंने 17 जुलाई 2022 में कन्नौज आकर जिम्मेदारी संभाली थी। 

अब नए डीएम को आईजीआरएस में आने वाली शिकायतों के गलत निस्तारण पर ध्यान देना होगा, ऐसी उम्मीद फरियादियों को है जिससे ब्लॉक, तहसील, थाना, विकास भवन व कलेक्ट्रेट में बार-बार आने वाली भीड़ को कम किया जा सके। पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का बिना किसी स्वार्थ के लाभ दिलाना, कई सरकारी कार्यालयों में नजराना बंद कराना बड़ी चुनौती होगा। बारिश का समय आ रहा है। 

शहर समेत नगर निकाय व कस्बों में जलनिकासी सही नहीं है इस वजह से जलभराव होता है। दुकानों व घरों में भी पानी घुसता है, इस ओर भी ध्यान देना होगा। इसके अलावा अधूरी या बंद परियोजनाएं जैसे इत्रपार्क, खिलौना बाल संग्रहालय, कैंसर हॉस्पिटल, हृदय रोग संस्थान को शुरू कराना भी बड़ी जिम्मेदारी है। 

मूलभूत समस्याओं के समाधान पर रहेगा खास ध्यान

कोषागार में चार्ज लेने के बाद अपने कार्यालय में नवागंतुक जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को मौजूदा डीएम शुभ्रान्त शुक्ल ने पासबुक ऑफ पासवर्ड की डायरी दी। इसमें विभिन्न साइटों के पासवर्ड की जानकारी दी गई है। इटावा के लिए स्थानांतरित हुए डीएम शुभ्रान्त शुक्ल ने कहा कि यहां की टीम बहुत मेहनती है। प्रत्येक योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में सहयोग करेगी। 

उधर, कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागंतुक जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद का चतुर्दिक विकास कराना प्राथमिकता में हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा। सरकार उत्तर प्रदेश में इन्वेस्टमेंट बढ़ाने का कार्य कर रही है, जिससे लोगों को रोजगार मिलेगा साथ ही समृद्ध हो सकेंगे। कहा कि पूर्व की भांति ही पूरी टीम के साथ अच्छे से अच्छा कार्य किया जाएगा। जिले की मूलभूत समस्याओं के समाधान पर खास ध्यान दिया जाएगा। इस अवसर पर सीडीओ राम कृपाल चौधरी, एडीएम वित्त एवं राजस्व आशीष सिंह, एडीएम (न्यायिक) देवेंद्र सिंह उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें- कन्नौज में किशोरी को बंधक बना कर चार युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म: शोर मचाने पर भाग निकले... 

संबंधित समाचार