मजदूर की हत्या कर समाधि पर फेंका शव, शराब ठेके के सीसीटीवी में दिखे तीन संदिग्ध, छह के खिलाफ रिपोर्ट

मृतक के शरीर पर चोट और गला कसने के निशान मिले, हत्या के आरोपियों में महिला, उसका बेटा और बेटी शामिल
Laborer murdered in Lucknow : नगराम थाना क्षेत्र के कुबहरा गांव में रविवार रात मजदूर की हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह उसका शव गांव के बाहर खेत पर बनी समाधि पर पड़ा मिला। मृतका का गला कसने और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस और फाॅरेंसिक टीम ने मौके पर जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए हैं। शराब ठेके के सीसीटीवी फुटेज में भी तीन संदिग्ध दिखे हैं। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्जकर ली है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
नगराम के कुबहरा गांव में मजदूर महेश कुमार (35) पत्नी सुनीता व दिव्यांग बेटे शिवा (14) के साथ रहता था। सुनीता के मुताबिक रविवार की रात 8:30 बजे महेश गांव में टहलने के लिए गए थे। रात 9 बजे घर नहीं लौटने पर पत्नी ने तलाश शुरू की। रात लगभग 10 बजे पूर्व प्रधान राजू के पालेसर पर वह गांव के दीपू रामदीन, लवकुश, विनीता (पत्नी स्व सहजराम) के साथ बैठे मिले। सुनीता ने महेश से घर चलने के लिए कहा, लेकिन चारों लोगों ने थोड़ी देर में भेजने की बात कहकर उसे लौटा दिया।
सोमवार सुबह शव गांव के बाहर खेत पर बनी सहजराम की समाधि के ऊपर खून से लथपथ महेश का शव पड़ा मिला। उसी के बेल्ट से गला कसा गया था। सिर व शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान मिले हैं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। गांव में एक शराब ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में तीन संदिग्ध लोग दिखाई दिए हैं। सुनीता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के रामदीन, दीपू व विनीता पत्नी स्व सहजराम, लवकुश पुत्र सहजराम, रेशमा पुत्री सहजराम, मीसा और सुरेन्द्र कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ नगराम विवेक चौधरी के हत्या का रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पिता के आत्महत्या के बदला से जोड़कर शुरू हुई जांच
मजदूर महेश चार भाई तिवारी, सहबदीन और बाबूलाल थे। बड़े भाई तिवारी ने बताया तीन वर्ष पहले गांव के सहजराम ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सुइसाइड नोट में आत्महत्या की वजह महेश व उसकी पत्नी सुनीता को बताया गया था। जिस पर महेश और सुनीता जेल चले गए थे। सुनीता का आरोप है कि उसी रंजिश में सहजराम के बेटे लवकुश ने परिवार के लोगों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। महेश की पिटाई करने के बाद बेल्ट से गला कसकर हत्या कर अपने पिता की समाधि पर शव फेंक दिया। एसीपी रजनीश वर्मा के मुताबिक मामले की पड़ताल की जा रही है।जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा। खुलासे के लिए पांच टीमें लगी हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
शव घर पहुंचने पर मचा कोहराम
पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव कुबहरा गांव स्थित घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। पत्नी सुनीता व बुजुर्ग मां सूर्जकली बेटे के शव से लिपटकर बिलख पड़ी,दिव्यांग बेटा शिवा भी पिता का शव देख अपने आंसू नही रोक सका,पिता शत्रोहन व भाइयों तिवारी,साहबदीन व बाबूलाल भी अपने आंसू नही रोक पा रहे थे। मगंलवार की सुबह परिजन मृतक के शव का अंतिम संस्कार करेंगे।
यह भी पढ़ें:-प्रयागराज : संभल की शाही जामा मस्जिद मामले की सुनवाई 13 मई को सुनिश्चित