Eid-ul-Adha 2025 : बकरीद कल, कड़ी सुरक्षा में होगी नमाज 

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

एक दिन पूर्व बाजार में रौनक, खूब हुई खरीददारी, एसपी ने किया शहर भ्रमण, दिए निर्देश 

Eid-ul-Adha News : ईद-उल-अजहा यानी बकरीद पर्व कल मनाया जाएगा। सुबह होने वाली नमाज को लेकर जिले भर मे सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। शनिवार को ईदगाह व मस्जिदों में अलग-अलग समय पर नमाज के बाद कुर्बानी की सिलसिला शुरु होगा। शहर में सबसे बड़ी नमाज ईदगाह में अदा की जाएगी। 

शुक्रवार को शहर व जिले की सभी ईदगाह मस्जिदों व आसपास के मार्गों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर ली गई और बिजली व पानी की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के भी कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। नगर पालिका समेत सभी नगर निकायों को साफ-सफाई, पेयजल के साथ मस्जिदों के आसपास चूने के छिड़काव कराया गया। शहर के मोहल्ला पीरबटावन स्थित बड़ी ईदगाह में ईद-उल-अजहा की नमाज सुबह अदा की जाएगी। शहर के साथ फतेहपुर, कुर्सी, देवा, बंकी, जहांगीराबाद, मसौली, जैदपुर, सुबेहा, सिद्धौर, कोठी, हैदरगढ़, नई सड़क, दरियाबाद, रामसनेहीघाट, अलियाबाद, रामनगर, टिकैतनगर, सिरौलीगौसपुर, बांसा, सआदतगंज में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

ईदगाह कमेटियों ने रंग-रोगन भी कराया है। ईदगाह के इमाम ईद-उल-अजहा की नमाज के समय का एलान पहले ही करा चुके हैं। उधर बकरीद पर्व को लेकर बाराबंकी में तैयारियां अंतिम चरण में रहीं। भीषण गर्मी के बावजूद बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ देखी गई। महिलाएं सूट के साथ चूड़ियों की मैचिंग करती दिखीं तो युवा कुर्ता, पायजामा, जींस और इत्र की खरीदारी करते नजर आए। धनोखर, सट्टी बाजार और घंटाघर जैसे प्रमुख बाजारों के अलावा निबलेट, नगरपालिका मार्केट, इंदिरा मार्केट और विभिन्न शॉपिंग मॉल्स में दिन भर भीड़ रही। फुटवियर की दुकानों पर भी ग्राहकों की खासी भीड़ जुटी रही। बकरीद की खास परंपरा कुर्बानी को लेकर बकरा बाजारों में भी जबरदस्त रौनक देखी गई। पीरबटावन क्षेत्र में पानी की टंकी के नीचे लगे अस्थायी बकरा बाजार में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे।

एसपी ने शहर में किया भ्रमण 

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय द्वारा ईद-उल-अजहा त्योहार के दृष्टिगत थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल के साथ पैदल गस्त/भ्रमण करते हुए स्थानीय लोगों व आमजनमानस को सुरक्षा का एहसास कराया गया एवं सम्बन्धित को दिशा निर्देश दिये गये। गस्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चन्द्र त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक रामकिशन राना, प्रभारी यातायात रामयतन यादव व अन्य अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:- प्रयागराज में सीडीओ ने अनुपस्थित आठ अधिकारियों का रोका वेतन

संबंधित समाचार