पीलीभीत: बेटियां भगाई...अब खुद की कर ली तैयारी, हत्यारोपी पति का कबूलनामा भाई संग मिलकर इसीलिए मार डाला..

घुंघचिहाई, अमृत विचार: पति से हुई अनबन के बाद मां संग मायके जा रही विवाहिता की हत्या के मामले में पुलिस ने हत्यारोपी पति और उसके भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हत्या में इस्तेमाल दो बांका भी बरामद किए गए। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद पति से जब पूछताछ की गई तो उसने कई गंभीर आरोप लगए। कहा कि बेटियों को भगाने के बाद पत्नी भी किसी के साथ जाने वाली थी। उसे समझाया, बहुत मनाया लेकिन नहीं मानी..इसलिए गुस्से में आकर मार डाला। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
घटना तीन जून को हुई थी। घुंघचिहाई थाना क्षेत्र की रहने वाली नन्ही देवी (38) की बांके से वार करके हत्या कर दी गई थी। वह अपनी मां अनीता के साथ पति से हुए विवाद के बाद मायके जा रही थी। इस मामले में मृतका के भाई की ओर से मृतका के पति और उसके भाई के खिलाफ हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज की गई थी। घुंघचिहाई पुलिस घटना के बाद से ही आरोपी की तलाश कर रही थी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका था। गुरुवार देर शाम पुलिस ने सुरागरसी के बाद हत्यारोपी पति अखिलेश कुमार मिश्रा और उसके भाई अरविंद उर्फ छोटे को डूडा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल दो बांका एक खेत से बरामद कर लिए गए। पूछताछ कर पुलिस ने हत्याकांड से जुड़ी जानकारी की। जिसके बाद शुक्रवार को दोनों आरोपियों को चालान कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है।
पति बोला: बेटियों को भगाने के बाद खुद भी जाने की कर रही थी तैयारी..
पुलिस के अनुसार आरोपी पति अखिलेश कुमार मिश्रा ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह ट्रक चालक है और अक्सर बाहर रहता है। उसके देा पुत्र और दो पुत्रियां हैं। आरोप लगाया कि उसकी दोनो पुत्रियों को पत्नी ने किसी के साथ भेज दिया और इसकी जानकारी भी उन्हें नहीं दी। जब जानकाारी हुई तो पूछा तो उसने टालमटोल कर दी। इतना ही नहीं एफआईआर भी दर्ज नहीं कराई। वह कई लोगों से खुद भी बात किया करती थी। ये भी आरोप लगाया कि कई बार खाने में उन्हें नींद की गोलियां मिलाकर दे दी और वह बेहोश हो जाते थे। फिर परिचितों को घर बुलाया करती थी। उन्होंने अपने भाई अरविंद (दूसरा आरोपी) संग मिलकर तीन जून को भी काफी समझाया बुझाया। पति को शक था कि बेटियों के बाद पत्नी भी किसी के साथ जाने की तैयारी में थी। जब वह मायके वालों को लेकर जबरन मायके जाने लगी तो रास्ते में दोनों आरोपी समझाने बुझाने गए थे। इसी दौरान जब बात नहीं मानी और भिड़ने लगी तो गुस्से में आकर बांके से वार करके हत्या कर दी। आरोपी अरविंद ने हाथ पकड़ लिए और बांके से वार करके उसने हत्या की। इसके बाद मौके से भाग गए और दोनों बांका जगदीश के ग्वार के खेत में छिपा दिए थे। फिलहाल दोनों आरोपियों को जेल भेजने के बाद पुलिस विवेचना में जुट गई है।
महिला की हत्या के मामले में फरार चल रहे पति समेत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल दो बांका भी बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। विवेचना जल्द पूरी कर चार्जशीट दाखिल की जाएगी। - प्रकाश सिंह, इंस्पेक्टर घुंघचिहाई
ये भी पढ़ें - पीलीभीत: पति से विवाद के बाद नहर में कूदी महिला..जानिए कैसे बची जान