भाषा विश्वविद्यालय में बीएड की सौ सीटों पर होंगे दाखिले, 17 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन, इन विषयों में इतनी सीट्स
लखनऊ, अमृत विचार: शैक्षणिक सत्र 2025-26 में ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में बीएड की 100 सीट पर दाखिले होंगे। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के सफल अभ्यर्थी दाखिले के लिए पात्र होंगे। दाखिले के लिए अभ्यर्थियों को संयुक्त प्रवेश काउंसिलिंग में शामिल होना होगा। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु अनुसंधान प्रवेश परीक्षा की अधिसूचना जारी कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 17 जुलाई 2025 तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://kmclu।ac।in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
शिक्षाशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष और सामाजिक विज्ञान संकाय की डीन प्रो. चंदना डे ने बताया कि विश्वविद्यालय को नेशनल काउंसिल फार टीचर्स एजूकेशन (एनसीटीई) से मान्यता मिली हुई है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से यहां की 100 सीटों पर दाखिले होंगे। विश्वविद्यालय में बीएड प्रथम वर्ष की फीस 27,575 रुपये और दूसरे वर्ष की 25,575 रुपये निर्धारित है। इस तरह विश्वविद्यालय में बीएड पाठ्यक्रम की कुल फीस 53,150 रुपये है। जो अन्य संस्थानों से काफी कम है।
शोध में प्रवेश के लिए तीन श्रेणियां
पीएचडी में प्रवेश के लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं पूर्णकालिक, अंशकालिक और अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए प्रवेश की पूर्णकालिक पीएचडी कार्यक्रम में न्यूनतम अवधि तीन वर्ष और अधिकतम छह वर्ष तय की गई है। महिला अभ्यर्थियों और 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले शोधार्थियों को दो वर्ष तक की अतिरिक्त अवधि की छूट मिलेगी। इसके अतिरिक्त, मातृत्व अथवा शिशु देखभाल के लिए 240 दिन तक का अवकाश एक बार दिया जा सकता है। कोर्स वर्क और शोध कार्य के दौरान शोधार्थियों की उपस्थिति का लेखा-जोखा विभागीय कार्यालय में संधारित किया जाएगा। अंशकालिक पीएचडी कार्यक्रम केवल उन्हीं अभ्यर्थियों के लिए मान्य है जो किसी संस्था, संगठन में कार्यरत हैं और एनओसी प्रस्तुत करते हैं। प्रत्येक सेमेस्टर में शोधार्थी को न्यूनतम 10 दिन की भौतिक उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी। इस श्रेणी के अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की फेलोशिप या छात्रवृत्ति प्राप्त नहीं होगी। प्रवेश की समस्त प्रक्रिया यूजीसी के नियमन-2022 और विश्वविद्यालय के पीएचडी अध्यादेश-2023 (प्रथम संशोधन-2024) के अनुसार संचालित होगी। अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए भी पीएचडी में प्रवेश की व्यवस्था की गई है।
इस प्रकार मिलेगी अंकों में छूट
एससी, एसटी, ओबीसी (गैर-क्रीमी लेयर), दिव्यांग और ईडब्लूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षा में पांच प्रतिशत अंकों की छूट प्रदान की जाएगी। लिखित परीक्षा 90 मिनट की होगी जिसमें कुल 70 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। जिनमें 35 प्रश्न शोध पद्धति पर और 35 प्रश्न विषय-विशिष्ट होंगे। अंतिम मेरिट सूची लिखित परीक्षा (70 अंक) और साक्षात्कार (30 अंक) में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। परीक्षा में सफल होने के साथ-साथ साक्षात्कार में उपस्थित होना भी अनिवार्य है।
| विषय | सीट |
| इंग्लिश एंड मॉडर्न यूरोपीय एशियाई लैंग्वेज | 3 |
| अप्लाइड साइंस एंड ह्यूमैनिटीज मैथमेटिक्स | 9 |
| अप्लाइड साइंस एंड ह्यूमैनिटीज केमिस्ट्री | 4 |
| अरबी | 8 |
| अर्थशास्त्र | 7 |
| इतिहास | 4 |
| उर्दू | 12 |
| कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग | 8 |
| कंप्यूटर साइंस एंड इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी | 3 |
| होम साइंस | 3 |
| जर्नलिज्म एंड मैस कम्युनिकेशन | 5 |
| फारसी | 3 |
| मैकेनिकल इंजीनियरिंग | 3 |
| कॉमर्स | 3 |
| बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन | 14 |
| फिजिकल एजुकेशन | 5 |
| एजुकेशन | 4 |
| हिंदी | 3 |
यह भी पढ़ेः UP News: बुलंदशहर में भीषण हादसा, कार पुलिया से टकराकर पलटी, आग में जिंदा जले पांच लोग
