अखिलेश यादव का ऐलान- सपा सरकार बनने पर ‘स्त्री समृद्धि सम्मान’ योजना होगी शुरू, महिलाओं को 3000 रु मिलेंगे

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी 2027 में प्रदेश में सरकार बनाने के बाद ‘स्त्री सम्मान समृद्धि’ योजना शुरू करेगी और गरीब महिलाओं को प्रतिमाह तीन हजार रुपये देगी।

सपा मुख्यालय में रविवार को पार्टी की महिला सभा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा और दावा किया कि मौजूदा सरकार में महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं।

उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव के बाद सपा की सरकार बनने पर महिलाओं की समृद्धि और सम्मान के लिए योजनाएं चलाई जाएंगी। यादव ने कहा, " ‘स्त्री सम्मान समृद्धि’ योजना लागू करके उत्तर प्रदेश की सभी गरीब महिलाओं की मदद करने का काम समाजवादी (पार्टी) की सरकार में किया जाएगा।” 

उन्होंने कहा कि सपा सरकार की पहल ‘समाजवादी पेंशन योजना’ को दूसरे राज्यों में भाजपा या अन्य दलों ने लागू किया और सरकार बना ली और अब उन योजनाओं में कटौती की जा रही है। यादव ने कहा, “जब उत्तर प्रदेश में समाजवादी (पार्टी) की सरकार बनी, तो हमने ‘समाजवादी पेंशन’ के माध्यम से गरीब महिलाओं को 500 रुपये देना शुरू किया। आने वाले समय में गरीब महिलाओं को 3,000 रुपये देने का काम भी समाजवादी पार्टी की सरकार करेगी।” 
सपा प्रमुख ने घोषणा कि जब प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी तो ‘स्त्री सम्मान समृद्धि’ योजना शुरू की जाएगी और इस योजना के तहत गरीब महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। 

उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा सरकार में महिलाओं और बेटियों के लिए प्रदेश में सबसे असुरक्षित माहौल बना है। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की कानून व्यवस्था के मामले में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति ‘जीरो’ हो गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जब भाजपा सरकार पुलिस से चुनाव जीतने के लिए राजनीतिक काम करवाएगी, लोगों पर झूठे मुकदमे दर्ज कराएगी व राजनीतिक लोगों को दबाएगी तो उनसे कानून व्यवस्था की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा की मंशा न्याय दिलाने की नहीं है, बल्कि पुलिस प्रशासन से राजनीतिक लाभ लेने की है। 

अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि महिलाएं भी भाजपा से दूर हो गई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी की सरकार की अच्छी योजनाओं को तोड़-मरोड़ कर अपने राजनीतिक लाभ के लिए दूसरे तरीके से संचालित कर रही है।  

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

राम मंदिर चढ़ावा मामला : चंपत राय का करीबी रहा टिन्नू कैसे बना सबसे चर्चित आरोपी, जलपान की दुकान से शुरू हुआ सफर, मंदिर में बढ़ा रसूख
रामलला के चढ़ावे पर डाका : टिन्नू समेत सभी आठ आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में गए जेल, आरोपियों की निशानदेही पर बरामद करीब 80 लाख रुपये भी कोर्ट में पेश
राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला : आठ नामजद पर एफआईआर, अब सीओ अयोध्या करेंगे मामले की विवेचना
Kanpur Metro : IIT से नौबस्ता तक मेट्रो संचालन की उल्टी गिनती शुरू, 27 जून से CMRS करेंगे निरीक्षण
Barabanki News: बाराबंकी में बिजली बहाल करने पहुंचे संविदा लाइनमैन से मारपीट, ग्राम प्रधान पर मुकदमा दर्ज