दानवीर भामाशाह ने राष्ट्र के विकास के लिये न्यौछावर किया अपना सर्वस्व : सतीश शर्मा
जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, व्यापारियों को किया गया सम्मानित
बाराबंकी, अमृत विचार। दानवीर भामाशाह की जयंती की पूर्व संध्या पर व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। डीआरडीए में राज्यकर विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला पंचायत अध्यक्षा राजरानी रावत विशिष्ट अतिथि थीं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का संबोधन लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से प्रसारित किया गया। वर्ष 2024-25 के लिए सर्वाधिक जीएसटी जमा करने वाले व्यापारियों को भामाशाह पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसमें सूरतगंज के उमाशंकर एंड संस और टिकैतनगर के अरिहंत इंटरप्राइजेज शामिल रहे। राजस्व में विशेष योगदान के लिए छह व्यापारिक प्रतिष्ठानों को प्रशस्ति पत्र दिए गए। इनमें सरस्वती स्वीट्स, प्रिज्म कंस्ट्रक्शन, राजीव एंड कंपनी, कृष्णा ब्रिक फील्ड, गुडलक इंजीनियर्स और पथिक ब्रिक फील्ड्स शामिल रहे।
व्यापार मंडल के आठ प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें प्रदीप जैन, रोहिताश्व दीक्षित, जयदीप सिंह, जितेंद्र सिंह वर्मा, संजय शुक्ला, रंजीत श्रीवास्तव, अमन अग्रवाल, विनोद गाबा और अनुपम अग्रवाल शामिल रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के तहत त्रिलोकपुर के जायसवाल इलेक्ट्रॉनिक के स्वामी की दुर्घटना में मृत्यु के बाद उनके पुत्र को 10 लाख रुपये का बीमा चेक प्रदान किया गया।

इस अवसर पर व्यापरी सगंठन बाराबंकी केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह वर्मा एवं संरक्षक संजय शुक्ता को संयुक्त रूप से प्रतीक चिन्ह प्रदान कर कर राज्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। समारोह में राज्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि दानवीर भामाशाह ने राष्ट्र के विकास के लिये अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया था। यह हम सभी के लिये अत्यधिक गौरव एवं प्रेरणा की बात है। हम सभी को उनके त्याग एवं बलिदान के साथ उनकी विचारधारा का अनुसरण करना चाहिए।
उन्होंने उपस्थित व्यापारियों को शुभकामनाएं देते हुये कहा कि आज का दिन व्यापारियों के लिये है। सरकार की नीतियों एवं उद्देश्यों की पूर्ति में व्यापारियों का विशेष योगदान रहा है। जिसके लिये जनपद के सभी व्यापारी भाई धन्यवाद के पात्र हैं। कार्यक्रम में सीडीओ अन्ना सुदन, संयुक्त आयुक्तकर (कार्यपालक) राज्यकर विवेचना मिश्रा, उपायुक्त कार्यालयाध्यक्ष प्रेरणा सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
