बंद स्कूलों में 15 अगस्त को सपा मनाएगी स्वतंत्रता दिवस: अखिलेश यादव
लखनऊ, अमृत विचार। राज्य सरकार द्वारा समायोजित किए गए परिषदीय स्कूलों में समाजवादी पार्टी स्वतंत्रता दिवस 2025 मनाएगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार की शिक्षा विरोधी नीति के खिलाफ 15 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस पर सपा विधायक, नेता और पदाधिकारी ऐसे गांवों में जाकर स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे जहां स्कूलों को बंद किया जा रहा है। प्रदेश में लगभग पांच हजार प्राइमरी स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया गया है।
सपा प्रमुख रविवार को पार्टी मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आये नेताओं, कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आने वाली पीढ़ी से शिक्षा का अधिकार छीनना चाहती है। इसलिए उसने जानबूझकर शिक्षा को महंगी करने की साजिश की है। गरीबों के सामने रोटी-रोजगार के अभाव के कारण बच्चों को पढ़ाना मुश्किल हो रहा है। पढ़ाई से वंचित बच्चों की संख्या लाखों में है। भाजपा सरकार की कारगुजारियों पर पर्दा पड़ा रहे, इसलिए उनके लिए शिक्षा का अंधकारमय होना जरूरी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का एजेंडा सामाजिक न्याय के विरुद्ध है। भाजपा गरीब, पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों का उनके हक नहीं देना चाहती है। वह आरक्षण खत्म करने का षडयंत्र कर रही है। भाजपा विकास और बच्चों की शिक्षा की विरोधी इसलिए है क्योंकि लोग शिक्षित और जागरूक होंगे तो उसकी नाकारात्मक और पीडीए विरोधी रीति नीति से सभी लोग परिचित हो जाएंगे। भाजपा की नफरती और अलगाववादी सोच से सावधान रहने की जरूरत है।
पीडीए के प्रभाव में नहीं मिल रहा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष
भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष न बनाए जाने पर तीखी टिप्पणी करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को पीडिए की चिंता है, प्रदेश में पीडीए के असर के कारण भाजपा अपना प्रदेश अध्यक्ष नहीं चुन पा रही है। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि प्रदेश में ओसीएम(ओल्डसीएम) और डिप्टी सीएम भी बदलने पर भी विचार हो है।
यह भी पढ़ेः Good News: भूखंड बेचने के लिए LDA ने खोला पोर्टल, 4 अगस्त तक कर सकते हैं पंजीयन, 8 को होगा ई-ऑक्शन
