बदायूं: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर किसान की मौत
बदायूं, अमृत विचार। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव कोली निवासी रामौतार (55) खेतीबाड़ी करते थे। वह अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। रविवार को वह निर्माणाधीन मकान का लिंटर डलवाने को मजदूरों के साथ खुद भी काम कर रहे थे। कुछ मजदूर ऊपर तो कुछ नीचे काम पर लगे थे। रामौतार लिंटर के ऊपर खड़े थे और नीचे से मजदूर से सरिया लेकर ऊपर खींच रहे थे। इसी दौरान सरिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। जिससे रामौतार को करंट लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मौत के बाद परिजनों में चीत्कार मचा है।
कचरा फेंकने को खोला गेट, करंट लगने से महिला की हुई मौत
उझानी कोतवाली क्षेत्र में कस्बा के वार्ड छह निवासी अतरकली (34) पत्नी वीरेंद्र रविवार सुबह लगभग पांच बजे घर पर साफ-सफाई कर रही थी। परिवार सो रहा था। उन्होंने झाड़ू से कचरा एकत्र किया और फेंकने के लिए जा रही थीं। वह कचरा लेकर घर के गेट की ओर गईं। उन्होंने घर का लोहे का गेट खोला। गेट पर बिजली का तार टूटा पड़ा था। जिसके चलते गेट खोलते ही अतरकली को करंट लग गया।
महिला चिल्लाते हुए जमीन पर गिरी और बेसुध हो गई। परिजन दौड़कर पहुंचे और जैसे-तैसे महिला को तार से छुड़ाया और अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने बताया कि बंदरों ने बिजली का तार तोड़ दिया था। अतरकली को तार टूटने की जानकारी नहीं थी। जिसके चलते हादसा हो गया।
