पीलीभीत: अकाली दल प्रदेश उपाध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख में ठनी...सीएम तक पहुंचा मामला
पीलीभीत, अमृत विचार। विदेश भेजने के नाम पर ठगी के प्रकरणों में चल रही पुलिस कार्रवाई के बीच हुई एक शिकायत के बाद अमरिया क्षेत्र में घमासान की स्थिति बन गई है। शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष ने अमरिया ब्लॉक प्रमुख से अपने व परिवार के सदस्यों की जान को खतरा जताया है। उनका कहना है कि चार साल से परिवार प्रताड़ना से जूझ रहा है।
उन्होंने कहा कि कई बार फर्जी मुकदमे में फंसाने की कोशिश की जा चुकी है। मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर अमरिया ब्लॉक प्रमुख से जान को खतरा बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है। उधर, ब्लॉक प्रमुख ने भी आरोपों को निराधार बताते हुए इस मामले में एसपी से शिकायत की है। जिसमें उनकी शिकायत करने वालों पर विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने का संगीन आरोप लगाया है।
अमरिया क्षेत्र के ग्राम दबका गौटिया के रहने वाले शिरोमणि अकाली दल उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अजीत पाल सिंह पुत्र संतोख सिंह ने बताया कि 12 जुलाई को उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजा है। जिसमें बताया कि उनकी आयु 68 वर्ष है। कभी किसी से उनका कोई विवाद नहीं हुआ। उनका कहना है कि उनके पुत्र ने चार साल पहले ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े प्रत्याशी सर्वजीत सिंह छब्बा पुत्र गुरबक्श सिंह का समर्थन किया था। इस चुनाव में श्याम सिंह उर्फ निशान सिंह की जीत हुई। इसके बाद से ही आरोप है कि अमरिया ब्लॉक प्रमुख परिवार से रंजिश रखने लगे।
चार साल से लगातार परिवार को प्रताड़ित कराया जा रहा है। वह व पुत्र गुरजात सिंह लगातार मानसिक पीड़ा से गुजर रहे हैं। आरोप लगाया कि पिछले काफी समय से लगातार अलग-अलग लोगों से उनके पुत्र को जान से मारने की साजिश रची जा रही है। इसे लेकर तमाम लोग कई बार पीड़ित परिवार को आगाह कर चुके हैं। रास्ता घेरकर मारने की कोशिश की जा रही है। परिवार की जान को ब्लॉक प्रमुख से खतरा बताते हुए सुरक्षा देने और दोषियों पर कार्रवाई की गुहार लगाई है। मुख्यमंत्री के अलावा शिकायत पत्र की प्रतिलिपि डीजीपी, पुलिस अधीक्षक पीलीभीत व बरेली को भी भेजी गई है। जिसमें कई बार मुकदमे में फंसाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है।
इधर, अमरिया ब्लॉक प्रमुख श्याम सिंह उर्फ निशान सिंह ने 14 जुलाई को एक शिकायत पत्र एसपी पीलीभीत को दिया है। जिसमें कहा है कि वह जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की गरीब जनता की समस्याओं को अधिकारियों के मध्य जाकर बैठकर निराकरण कराते हैं। इसी क्रम में उनके पास बहेड़ी बरेली के ग्राम मनकरा निवासी सर्वजीत सिहं आए और बताया कि उनसे अजीत पाल सिंह, उसके पुत्र गुलजार सिंह व अन्य सहयोगियों ने मिलकर साठ लाख रुपये ले लिए हैं। उनके भतीजे को विदेश बिना वीजा के चोरी के रास्ते से भेजा। जिससे वह वहां गिरफ्तार हो गया और उसके बाद ये लोग लगातार उसे धमकी दे रहे थे।
भतीजे की हत्या कराने की धमकी दी जा रही थी। जमीन बेचकर दस लाख रुपये इन्हें दिए गए। ब्लॉक प्रमुख का कहना है कि जब सर्वजीत सिंह उनके पास आया और उसने सारी घटना बताई तो वह उसे अपने साथ लेकर अपर पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों से मिले और कार्रवाई की मांग की। जिससे खिन्न होकर अब मुख्यमंत्री से फर्जी एवं मनगढ़ंत शिकायत करते हुए छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है। उनका ये भी कहना है कि उक्त लोग तमाम युवाओं से करोड़ों रुपये विदेश भेजने के नाम पर ठग चुके हैं।
