नफरत की राजनीति करती है भाजपा, बोले अखिलेश यादव- 2027 में बूथों पर कुछ लोगों का भूत उतर जाएगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भेदभाव और नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया है। सपा मुख्‍यालय की ओर से शनिवार को जारी एक बयान में यादव ने कहा, ''भाजपा सरकार में पिछड़े, दलितों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं, पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्‍पसंख्‍यक) समुदाय के साथ हर स्तर पर भेदभाव हो रहा है।'' 

गौरतलब है कि वाराणसी में एक जनसभा को संबोधित करते हुये सीएम योगी ने कहा था कि जौनपुर में मुहर्रम के दौरान एक घटना हुई। ताजिया को इतना ऊंचा किया कि हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गए। तीन लोगों की मृत्यु हो गयी जिसके बाद उपद्रव हुआ और रोड जाम कर दिया। पुलिस ने उनसे पूछा तो उन्होने कहा लाठी मारो इनको। ये लातों के भूत हैं बातों से नही मानेंगे। 

सपा प्रमुख ने लगाया कि भाजपा सरकार और उसके नेताओं का रवैया भेदभावपूर्ण तथा अलोकतांत्रिक है, सरकार अलोकतांत्रिक और संविधान विरोधी कार्य कर रही है और जनता यह सब देख रही है। अखिलेश यादव ने कहा, ''जनता ने लोकसभा चुनाव में भाजपा के सांपद्रायिक और नफरती एजेंडे की हवा निकाली है। अगली बार कुछ लोगों का भूत बूथों पर उतर जाएगा।'' 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ''भाजपा सरकार ने नौ साल के कार्यकाल में किसानों, नौजवानों और महिलाओं सभी को धोखा दिया है। विकास और रोजगार के लिए कोई कार्य नहीं किया। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ाया है।'' सपा प्रमुख ने कहा, ''भाजपा ने जनता से झूठे वादे किये थे और सरकार के पास जनता से जुड़े सवालों का जवाब नहीं है। आज नौजवानों के पास नौकरी, रोजगार नहीं है। भाजपा सरकारी विभागों का निजीकरण कर नौकरियां और आरक्षण खत्म कर रही है।'' 

उन्‍होंने आरोप लगाया कि कहा कि किसानों को खाद, पानी और कीटनाशक दवाएं तक नहीं मिल रही है। प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। अपराधियों और अराजक तत्वों को कानून का कोई डर नहीं है, इस सरकार में बच्चियां तक सुरक्षित नहीं है। 

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि ''सरकार की विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए संवैधानिक पदों पर आसीन लोग अपनी भाषा और पद की मर्यादा को भूलकर संविधान और लोकतंत्र विरोधी कार्य कर रहे हैं, लेकिन जनता अब भाजपा को और बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।''  

संबंधित समाचार