संभल : सावन माह के दूसरे सोमवार पर कांवड़ियों व श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
मंदिरों में गूंजते रहे हर-हर महादेव के जयकारें, पुलिस बल रहा तैनात
चन्दौसी, अमृत विचार। सावन के दूसरे सोमवार को शिव मंदिरों में कांवड़ियों व शिवभक्तों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सुबह 6 बजे से ही शिव मंदिरों पर शिव भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगने शुरू हो गई। मंदिर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजते रहे। दोपहर 12 बजे तक शिव मंदिरों पर जलाभिषेक का सिलसिला जारी बना रहा। कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के बेरनी व छाबड़ा शिव मंदिरों पर मेले का आयोजन भी किया गया। प्रमुख मंदिरों पर पुलिस बल तैनात रहा।
सावन माह के दूसरे सोमवार को कांवड़िएं गंगा घाटों से गंगा जल लेकर लौटे और शिव मंदिरों पर सुबह 6 बजे से जलाभिषेक करने का सिलसिला आरंभ हो गया। शहर के सीता रोड स्थित मूंछों वाले शिव मंदिर, बड़ा महादेव स्थित शिव मंदिर, सुभाष रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर, मुंसिफ रोड स्थित शिव मंदिर, आवास विकास स्थित शिवालय, मोती मोहल्ला स्थित शिव मंदिर, ग्राम मौलागढ़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर सहित अन्य शिव मंदिरों पर कांवड़ियें व शिव भक्तों ने जलाभिषेक कर भोलेनाथ पर भाग, धतूरा, दूध, दही, शहद, पुष्प आदि अर्पित किए। सुबह 6 बजे से 11 बजे तक जलाभिषेक करने वाले शिव भक्तों की मंदिरों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगी रही। मंदिर परिसर बम-बम भोले व हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजते रहे। प्रमुख मंदिरों पर पुलिस बल तैनात रहा।
वहीं कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के बेरनी स्थित प्राचीन शिव मंदिर व छाबड़ा स्थित झारखंड धाम शिव मंदिरों पर हजारों की संख्या में कांवड़ियों व शिव भक्तों ने जलाभिषेक किया। सुबह 5 बजे से ही कांवड़ियों के जत्थे जलाभिषेक करने के पहुंचना आरंभ हो गए। दोनों ही मंदिरों के बाहर कांवड़ियों व शिव भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई। पुलिस के जवानों द्वारा जलाभिषेक कराया। इन मंदिरों परिसर में मेले का आयोजन किया गया। जिसमें खेल-खिलौने, बर्तन, श्रंगार व चाट पकौड़ी की दुकानें व झूले आदि लगाए गए हैं। महिलाओं व बच्चों ने जमकर खरीदारीकर चाट पकौड़ी व झूलों का आनंद लिया।
ये भी पढ़ें - 'कांवड़ यात्रा में शिवभक्त कम, गुंडे ज्यादा हैं...', सपा विधायक इकबाल महमूद ने कांवड़ियों को लेकर दिया विवादित बयान
