रामपुर: डिलीवरी के दौरान महिला की मौत, पति सहित सात पर FIR
रामपुर, अमृत विचार। डिलीवरी के दौरान रविवार रात महिला की मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। जबकि दहेज की मांग पूरी ना होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पति सहित सात लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने मामले सातों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दिल्ली के सदर बाजार निवासी इरफान खान ने 9 माह पहले 20 वर्षीय बेटी मुस्कान की शादी शाहबाद गेट के मोहल्ला कुंडा निवासी फैसल से हुई थी। मायके वालों का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों के बाद ससुरालियों ने उससे दहेज की मांग की थी। जिसके बाद ससुराली उससे आए दिन मारपीट किया करते थे। इस बीच महिला गर्भवती हो गई। रविवार को प्रसव पीड़ा होने के कारण ससुराली उसको डूंगरपुर स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए। उसने एक बच्ची को जन्म दिया।
बच्ची को जन्म दिन के बाद ससुराली वहां से चले आए। जानकारी मिलने के बाद मायके वाले पहुंच गए। डॉक्टरों ने बताया कि महिला के ससुराली इलाज नहीं होने दे रहे थे। जिस कारण से उसकी मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने हंगामा किया। सूचना के बाद पुलिस आ गई। किसी तरह से मामले को शांत कराया। मृतका की ओर से ससुरालियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। जिसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शहर कोतवाली प्रभारी ओंकार सिंह ने बताया कि महिला को दहेज के लिए मारने में पति सहित सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज ली है।
