कानपुर: तिरंगा यात्राओं में दिखेगी भारत की सैन्य ताकत, भाजपा सभी मंडलों में 10 अगस्त से निकालेगी तिरंगा यात्राएं
कानपुर, अमृत विचार। भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी मंडलों में 10 अगस्त से तिरंगा यात्राएं निकलेंगी। यह जानकारी क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने दी। भाजपा कार्यालय में आयोजित क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय मॉनिटरिंग टोली में प्रकाश पाल ने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान की शुरुआत भाजपा ने देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर की थी। इस वर्ष ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उत्साह को लेकर यह अभियान और अधिक भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हर घर में तिरंगा तो लगेगा ही, नगर और गांव की गलियों, चौराहों, मुख्य मार्गों को भी तिरंगे से सराबोर किया जाएगा। 10 अगस्त से 254 मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं के मार्गों को तिरंगा झंडों और देशभक्ति की सजावट से सजाया जाएगा।
तिरंगा यात्राओं में भारत की सैन्य ताकत और आत्मनिर्भरता को दर्शाने के लिए ब्रह्मोस मिसाइल, तेजस लड़ाकू विमान जैसे स्वदेशी हथियारों की प्रतीकात्मक झांकियां भी शामिल की जाएंगी। प्रकाश पाल ने बताया कि 5 और 6 अगस्त को प्रत्येक जिले में हर घर तिरंगा अभियान की जिला कार्यशालाएं आयोजित होंगी।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि जिला कार्यशालाओं में राधेश्याम पांडे, अशोक राजपूत, आनंद सिंह, कमलावती सिंह (प्रदेश उपाध्यक्ष), रंजना उपाध्याय, प्रकाश पाल (क्षेत्रीय अध्यक्ष), शिव महेश दुबे, राम किशोर साहू, संजीव श्रृंगऋषि, संत विलास शिवहरे, संजीव उपाध्याय, अनिल यादव, देवेश कोरी, अशोक जाटव मुख्य वक्ता के रूप में रहेंगे। बैठक में क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी, युवा मोर्चा क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनील साहू, आलोक शुक्ला, हरिओम भदौरिया, सुनील शुक्ला, शोभा श्रीवास्तव आदि रहे।
