लखीमपुर खीरी: मौसा ने 12 साल के किशोर को उतारा मौत के घाट...ससुराल आने पर हुआ था विवाद
मझगईं/निघासन। मझगईं थाने के गांव लोनियनन पुरवा में छोटे साढू बड़े एवं साढू के बीच मारपीट हो गई। छोटे साढू ने रामपुरी चाकू निकाल कर बड़े साढू को घायल कर दिया। बीच बचाव करने आए बड़े साढू की पत्नी और उसके बच्चे को चाकुओं से गोदकर घायल कर दिया। इलाज के लिए ले जाते समय छोटू (12) की मौत हो गई। दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
जिला पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र के बांसबोझी निवासी मनोज ने बताया कि वह रक्षाबंधन के त्योहार पर शुक्रवार शाम अपनी पत्नी अनार कली, 12 वर्षीय बेटा छोटू बाइक से मझगईं थाने के बौधिया कलां मजरा लोनियन पुरवा निवासी स्व. अश्वनी के यहां आया था। पढ़ुआ थाने के गांव त्रिकोलिया निवासी उसका छोटा साढू दिनेश अपनी पत्नी सरिया के साथ पांच दिन पहले आया था। बताते हैं कि शनिवार को अनार कली और सरिया देवी ने अपने भाई दीपक को राखी बांधी। आरोप है कि दोनों साढू ने जमकर शराब पी।
शनिवार पांच बजे दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि दोनों में मारपीट होने लगी। दिनेश ने रामपुरी चाकू निकाला और पहले मनोज पर प्रहार कर घायल कर दिया। उनको बचाने पहुंची अनार कली को चाकुओं से प्रहार कर घायल कर दिया। उसके बेटे छोटू ने भी जब दोनों को बचाने की कोशिश की तो उसे भी नहीं बक्शा और उसके ऊपर ताबड़तोड़ प्रहार किए। शोर शराबा सुनकर पड़ोस के लोग आ गए और तीनों को निघासन अस्पताल के लिए लेकर चल दिए। रास्ते में छोटू ने दम तोड़ दिया। घायलों की हालत नाजुक बनी है। दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक मझगईं -राजू राव ने बताया कि दोनों बहनों में कुछ कहासुनी हो गई थी। इस बात को लेकर झगड़ा हुआ। अपना बचाव करने के कारण दिनेश ने अपने आप सिर पर वार कर घायल किया है। तहरीर नहीं मिली है। रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
