तिरंगे के सम्मान में निकली ऐतिहासिक तिरंगा यात्राएं, देशभक्ति के नारों से गूंजा जनपद
बाराबंकी, अमृत विचार : स्वतंत्रता दिवस से पूर्व और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा और किसान संगठनों ने भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया। जगह-जगह निकली इन यात्राओं में देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।
रामनगर: भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रामबाबू द्विवेदी, ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष रामशरण पाठक, भाजपा नेत्री अलका मिश्रा और बीडीसी प्रतिनिधि राजेश त्रिवेदी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा भाजपा कार्यालय से प्रारंभ होकर महादेवा बाजार, लोधौरा चौराहा, एचपी पेट्रोल पंप होते हुए पुनः कार्यालय पर समाप्त हुई। अतिथियों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भारत के गौरव और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया।
मुख्यालय: ग्राम गनौरा में संयुक्त किसान मोर्चा के आवाहन पर भारतीय किसान यूनियन (हरपालगुट) के जिलाध्यक्ष विक्रांत सैनी के नेतृत्व में विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली गई। गनौरा से चिलहटा घाट व मोहम्मदपुर बंकी तक चली इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति को 10 सूत्रीय मांगपत्र भेजा गया, जिसमें अमेरिका से डेयरी व्यापार समझौता न करने, एमएसपी गारंटी कानून, स्मार्ट मीटर बंद करने, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, और भूमि अधिग्रहण कानून 2013 लागू करने जैसी मांगें शामिल थीं।
मसौली: भाकियू (टिकैत) गुट के ब्लॉक अध्यक्ष भगौती प्रसाद वर्मा के नेतृत्व में तिरंगा ट्रैक्टर रैली बांसा–बड़ागांव मार्ग से होते हुए ब्लॉक मुख्यालय पहुंची, जहां खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
हैदरगढ़: भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहित मिश्रा की अध्यक्षता और विधायक दिनेश रावत की अगुवाई में मोटरसाइकिल तिरंगा यात्रा बस स्टेशन से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः बस स्टेशन पर समाप्त हुई। वहीं, भाकियू (टिकैत) की ब्लॉक इकाई के अध्यक्ष डॉ. हरी रामपाल के नेतृत्व में दौलतपुर से किसान यूनियन कार्यालय तक ऐतिहासिक ट्रैक्टर यात्रा निकाली गई। इसमें निजीकरण, महंगी बिजली, एमएसपी कानून, शिक्षा सुधार और डेयरी टैरिफ के विरोध में नारे लगाए गए और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया।
सिरौलीगौसपुर: पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकाली, जिसमें मंडल पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। ग्राम पंचायत केवलापुर में प्रधान जसवंत यादव और सचिव मनोज मिश्रा, दरवेशपुर में भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष रामप्रताप वर्मा, तथा रामपुर में प्रधान नियाज अंसारी और सचिव मनीष शुक्ला के नेतृत्व में भी तिरंगा यात्राएं निकाली गईं।
यह भी पढ़ें:- जसरा में दिव्यांग बच्चों व अभिभावकों की काउंसलिंग, 36 बच्चे हुए शामिल
