Bareilly : साइबर ठगों को देते थे बैंक खाते, करोड़ों की ठगी में शामिल चार गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। देश भर में साइबर ठगों को ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए प्रेमनगर थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से 100 से ज्यादा बैंक खाते मिले हैं। इनमें देश के अलग-अलग हिस्सों से करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ है।

इसके अलावा आठ जाली आधार कार्ड, कई मोबाइल और तीन बाइक भी बरामद की गई हैं। आरोपियों ने पूछताछ में अपने तीन अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, पुलिस उनकी तलाश कर रही है। आरोपी रिक्शा चालक, मजदूर और फल बेचने वालों को अपना शिकार बनाते थे।

गिरोह का खुलासा करते हुए एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि एनसीआरपी पर कई राज्यों से दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों में बैंक खाते और मोबाइल नंबर बरेली से जुड़े पाए गए थे। इसके आधार पर आरोपियों की तलाश में पुलिस और साइबर क्राइम सेल को लगाया गया था। मंगलवार रात 8 बजे पुलिस और साइबर क्राइम सेल की टीम ने धोबीपुर चौराहा से डीडीपुरम की ओर जाने वाली बंद पड़ी रेल लाइन के पास से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में इन्होंने अपने नाम इज्जतनगर थाना क्षेत्र के परतापुर चौधरी निवासी मुशर्रफ, किला थाना क्षेत्र के चौधरी तालाब निवासी अब्दुल रज्जाक, शिवम गोस्वामी और सीबीगंज थाना क्षेत्र के जौहरपुर निवासी निशांत श्रीवास्तव बताए। 

तलाशी में संदिग्धों के पास से कई बैंक पासबुक, बैंक में रुपये जमा करने की रशीदें, एक ही नंबर के जाली आधार कार्ड मिले। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने साइबर ठगों और हवाला कारोबारियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। यह भी बताया कि बैंक खाते उपलब्ध कराने के बदले उनको मोटा कमीशन मिलता था।

उन्होंने बताया कि चौधरी तालाब निवासी हामिद, प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बानखाना निवासी मोहित और बदायूं निवासी जीशान भी उनके गिरोह में शामिल हैं। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। अब तक देश के कई राज्यों से करोड़ों की ठगी सामने आ चुकी है। साथ ही आरोपियों ने बताया कि गिरोह के लोग गरीब लोगों को जैसे फड़ी ठेला लगाने वाले लोगों को कुछ रुपये देकर अपना निशाना बनाते हैं।

संबंधित समाचार