14 आतंकवादी 400 KG RDX...मुंबई पुलिस को धमकी भरा संदेश भेजने वाला नोएडा से गिरफ्तार, बिहार का रहने वाला है आरोपी
नोएडा। मुंबई पुलिस को कथित तौर पर धमकी भरा संदेश भेजने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार संदेश में दावा किया गया था कि 14 आतंकवादी 400 किलोग्राम आरडीएक्स लेकर मुंबई में घुस गए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान अश्विनी कुमार के रूप में हुई है और वह बिहार का रहने वाला है।
पुलिस ने बताया कि उसे नोएडा के सेक्टर 113 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेक्टर 79 से गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के अनुसार, मुंबई पुलिस को बृहस्पतिवार को धमकी भरा संदेश मिला और पता चला कि यह संदेश नोएडा से भेजा गया है। इसके बाद, सेक्टर 113 पुलिस ने एक अभियान शुरू कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि इस धमकी का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है।
ये भी पढ़े : यूपी के आधा दर्जन गांव में पंहुचा बाढ़ का पानी: बस्ती में उफान पर सरयू, खतरे के निशान को पार कर गया जलस्तर
